तेलंगाना से बीजेपी विधायक टी राजा सिंह लोध ने आज एक विवादास्पद बयान में कहा कि वोटों की भीख मांगने वाले ही इफ्तार पार्टी का आयोजन करते हैं। लगातार विवादास्पद बयान दे कर सुर्खियों में बने रहने वाले इस विधायक ने दो टूक कहा है कि वह न तो इस तरह का कोई आयोजन करेंगे और न ही इस प्रकार के किसी आयोजन में शामिल होंगे। हैदराबाद के गोशामहल विधानसभा सीट से विधायक लोध ने सोशल नेटवर्किंग साइट में एक वीडियो मैसेज पोस्ट किया है। मैसेज में विधायक ने कहा कि उनके एक मित्र ने उन्हें इफ्तार पार्टी का आयोजन करने का सुझाव दिया जैसा कि रमजान के महीने में अन्य नेता करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इन दिनों तेलंगाना के अनेक विधायक सिर पर टोपी लगा कर सेल्फी लेते हुए इफ्तार पार्टी का आयोजन करने में मशगूल हैं। वे सोचते हैं कि अगर उन्हें वोट बैंक की राजनीति करनी है तो उन्हें ‘ सबका साथ, सबका विकास ’ के बारे में सोचना होगा।’’ विधायक ने कहा, ‘‘यह उनकी सोच है। जो उनके साथ बैठते हैं (इफ्तार पार्टी में) वे वोट के भिखारी हैं। मेरी सोच अलग है।’’ सिंह ने कहा कि उनका हिंदू धर्म सबका आदर करने की शिक्षा देता है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन कुछ धर्म और उनकी धार्मिक पुस्तकें हिन्दुओं को कफिर बताते हुए उन्हें मारने की शिक्षा देती हैं। जो हिन्दुओं को मारने की बात करते हैं, उनके लिए मैं कैसे इफ्तार पार्टी दे सकता हूं अथवा इफ्तार पार्टी में शामिल हो सकता हूं।’’
उन्होंने कहा कि जब उनके एक दोस्त ने इस पर आपत्ति उठाई और इसका सुबूत मांगा तो उन्होंने कहा कि ‘ ग्रीन बुक ’ में इसका जिक्र है। विधायक ने कहा, ‘‘यह ग्रीन बुक भारत में आतंकवाद फैलाने के लिए जिम्मेदार है और इसे प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। मैं इसे प्रतिबंधित करने के लिए संघर्ष करता रहूंगा।’’ बीजेपी नेता ने कहा कि वह अखंड़ हिंदू राष्ट्र, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, पूरे देश में गोवध पर प्रतिबंध और कश्मीरी पंडितों की वापसी का सपना देखते हैं। उन्होंने कहा कि यह ‘सेक्यूलरवादी’ हिंदुओं, मुगलों और भारत में शासन करने वाले अंग्रेजों के कारण है। साथ ही कहा कि जब दुनियाभर में 50 मुस्लिम देश और 100 ईसाई देश हैं तो क्यों एक हिंदू राष्ट्र नहीं हो सकता। गौरतलब है कि हैदराबाद पुलिस सिंह के भड़काऊ भाषणों और बयानों के कारण अनेक बार उनके खिलाफ मामले दर्ज कर चुकी है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



