केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने केरल के विख्यात साहित्यकार एम के सानू से आज उनके आवास पर मुलाकात की। बीजेपी केंद्र की नरेंद्र मोदी नीत सरकार की बीते चार साल की उपलब्धियों से प्रतिष्ठित नागरिकों को अवगत कराने के लिए एक कार्यक्रम चला रही है। केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति, वरिष्ठ बीजेपी नेता वी मुरलीधरन और अन्य पार्टी नेताओं के साथ आज सुबह 90 वर्षीय सानू के घर गई और उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान करने वाली पुस्तिका दी। मुरलीधरन ने बताया कि मंत्री की यात्रा का आयोजन पार्टी के उस निर्णय के हिस्से के तौर पर हुआ है जिसमें पार्टी राज्य के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित नागरिकों से मिलकर उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराती है।
स्मृति साहित्यकार के घर पर करीब आधा घंटा रहीं और पिछले चार साल में मोदी सरकार के अच्छे कामों के बारे में बात की। उन्होंने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया। मंत्री के जाने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सानू ने कहा कि उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियां बताने वाली दो पुस्तिकाएं दी गई हैं और मामले पर उनका नजरिया जाना गया था। उन्होंने कहा कि वह अपना नजरिया उन्हें लिखित में देंगे। सानू ने कहा कि यह नागरिकों का कर्तव्य है कि वह प्रत्येक सरकार द्वारा किए गए अच्छे कामों की सराहना करे। मोदी सरकार के चार साल के शासन पर उनका विचार पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कई सकारात्मक और नकारात्मक चीजे हैं। असहिष्णुता पर अपना नजरिया रखते हुए सानू ने कहा, ‘‘ सहिष्णुता हमारी संस्कृति का निष्कर्ष है और मंत्री के साथ बातचीत में इसका जिक्र किया गया था।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ


Download Android App
Download iOS App



