शिवसेना के नेता आदित्य ठाकरे ने गुरुवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने के साथ ही 16.05 करोड़ रुपये की संपत्ति का मालिक होने की घोषणा की। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के पुत्र आदित्य अपने परिवार से चुनावी समर में उतरने वाले पहले सदस्य हैं।
मुंबई की वर्ली सीट से नामांकन पत्र भरने के दौरान 29 वर्षीय आदित्य ने निर्वाचन अधिकारी को दिए गए हलफनामे में बताया कि उनके पास 11.38 करोड़ रुपये की चल और 4.67 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इसमें बैंक में जमा 10.36 करोड़ रुपये की राशि और 6.50 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू कार शामिल है।
शिवसेना की युवा शाखा के प्रमुख के पास आभूषण और अन्य कीमती धातु भी हैं, जिनकी कीमत 64.65 लाख रुपये है। हलफनामे के अनुसार, आदित्य ने 2011 में कला में स्नातक की शिक्षा पूरी की। उसके बाद 2015 में कानून में स्नातक (एलएलबी) की उपाधि हासिल की। हलफनामे के अनुसार, आदित्य के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 21 अक्टूबर को होगा।


Download Android App
Download iOS App



