मध्य प्रदेश: भोपाल में गणपति विसर्जन के दौरान पलटी नाव, 11 लोगों की मौत

Summary :

भोपाल में आज तड़के लगातार बारिश के बीच गणेश विसर्जन के दौरान नाव पलटने से उसमें सवार डेढ दर्जन से भी ज्यादा लोगों के डूबने के बाद अब तक 11 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज तड़के लगातार बारिश के बीच गणेश विसर्जन के दौरान नाव पलटने से उसमें सवार डेढ दर्जन से भी ज्यादा लोगों के डूबने के बाद अब तक 11 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया जा रहा है कि नाव में करीब 19 लोग सवार थे। उनमें से छह लोगों को राहत दल ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 
राज्य आपदा प्रबंधन दस्ता (एसडीआरएफ) अब दो और लोगों की तलाश में जुटा हुआ है। मौके पर मौजूद विधि मंत्री पी सी शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि नाव में एक पूरी उत्सव समिति के सदस्य सवार थे। वे जैसे ही गणपति की मूर्ति का विसर्जन करने लगे, नाव अचानक पलट गई। मरने वाले सभी 11 लोग नवयुवक थे। वही, छह लोग बचा लिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की
स्थानीय खटलापुरा पर हुए हादसे में जिला प्रशासन ने सभी मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। सभी शव स्थानीय हमीदिया अस्पताल ले जाए गए हैं। नाव से सुरक्षित बचाए गए लोगों को भी उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। 
मौके पर मौजूद एसडीआरएफ सूत्रों ने गोताखोरों के हवाले से बताया कि करीब 20 फीट की गहराई पर दो नावें आपस में बंधी हुई उल्टी हालत में बरामद हुईं हैं। उन्हें क्रेन की मदद से निकाला जा रहा है। उन नावों में शेष लोगों के फंसे होने की आशंका हो सकती है। उन्होंने बताया कि झील में गहराई पर गणेश प्रतिमाएं, कीचड़ और बांस समेत अन्य अवशेषों के चलते गोताखोरों को शेष दो लोगों की तलाश में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 
मुख्यमंत्री ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश 
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हादसे को दुखद बताते हुए घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि दुःख की इस घड़ी में सरकार र पीड़ित परिवारों के साथ है। उनकी हर संभव मदद की जायेगी। उन्होंने कहा कि जांच में जिसकी भी लापरवाही आएगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 
भोपाल में हुआ हादसा हृदय विदारक : शिवराज 
वही, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना को हृदय विदारक बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। शिवराज चौहान ने अपने ट्वीट में कहा कि छोटे तालाब के खटलापुरा में गणेश विसर्जन के दौरान नाव टूटने के कारण हुआ हादसा हृदय विदारक है। उन्होंने कहा कि इस भीषण दुर्घटना में हताहत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने व परिजन को इस गहन दु:ख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ। 

विकास कार्यो के जरिए अमेठी में सक्रियता बढ़ा रही हैं स्मृति ईरानी

Desk Team