केरल में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का आज तीसरा दिन है। कांग्रेस के इस अभियान की आलोचना करते हुए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 18 दिन केरल में रहेगी, जबकि सिर्फ 2 दिन यूपी में ये RSS और बीजेपी से लड़ने का अजीब तरीका है। माकपा के इस बयान पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए सीपीआई (एम) को बीजेपी की A टीम करार दिया।
माकपा ने राहुल गांधी की एक तस्वीर के साथ ट्वीट किया, ‘‘भारत जोड़ो या सीट जोड़ो। केरल में 18 दिन…उत्तर प्रदेश में दो दिन।’’ इस पोस्टर में केरल और उत्तर प्रदेश के मैप को दिखाया गया है। पोस्टर में यह आशंका जताई गई है कि यह भारत जोड़ो अभियान है या सीट जोड़ो?
— CPI (M) (@cpimspeak) September 12, 2022
इस पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पलटवार करते हुए कहा, ‘‘अपना होमवर्क बेहतर करिये और यह जानिए कि इस यात्रा की योजना इस तरह से क्यों बनी। एक पार्टी से तुच्छ आलोचना हो रही है, जो बीजेपी की ए टीम है।’’ दरअसल, ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के तहत 150 दिनों में पदयात्रा करते हुए कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। सोमवार शाम को यात्रा समाप्त होने तक 100 किलोमीटर की दूरी तय की जा चुकी थी।


Download Android App
Download iOS App



