भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा उन पर 24 घंटे के लिए चुनाव प्रचार करने पर लगाई गई रोक संबंधी निर्णय का वह पूरी सख्ती के साथ पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी की तरह वह निर्वाचन आयोग के फैसले को लेकर धरना नहीं देंगे।
निर्वाचन आयोग ने केन्द्रीय बलों के खिलाफ उनके बयानों को लेकर ममता बनर्जी पर चुनाव प्रचार करने से 24 घंटे का प्रतिबंध लगाया था जिसके खिलाफ उन्होंने मंगलवार को शहर में धरना दिया था। बीजेपी नेता दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘मैं चुनाव आयोग के आदेश का पालन करूंगा और सड़कों पर कोई धरना नहीं दूंगा।’’ निर्वाचन आयोग ने गुरुवार शाम घोष के विवादास्पद बयान के लिए उनके प्रचार करने पर 24 घंटे की पाबंदी लगा दी। घोष ने कहा था कि ‘‘कई जगहों पर सीतलकूची जैसी घटनाएं होंगी।’’
पश्चिम बंगाल में चौथे चरण के चुनाव के दौरान सीतलकूची विधानसभा सीट पर सीआईएसएफ कर्मी की गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गयी थी। दिलीप घोष ने कहा कि वह इस मौके का इस्तेमाल करते हुए आराम करेंगे क्योंकि वह पिछले कुछ सप्ताह से चुनाव प्रचार अभियान में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं घर पर रहूंगा, खाऊंगा और एक दिन आराम करूंगा।’’


Download Android App
Download iOS App



