उत्तराखंड चार धाम यात्रा को लेकर काफी उत्साह दिखाई दे रहा है. उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों से लेकर देश के कोने-कोने से लोग देवभूमि उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। आपको बता दे कि उत्तराखंड के प्राचीन तीर्थ स्थलों चार धाम यात्रा (गंगोत्री, मुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम) में गुरुवार रात 8 बजे तक 47568 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके साथ ही इन पवित्र स्थानों पर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या छह लाख 78 हजार 859 हो गई।
श्री यमुनोत्री मंदिर समिति से मिली जानकारी के मुताबिक , गुरुवार शाम 6 बजे तक 7971 श्रद्धालु धाम पहुंचे। यहां अब तक 1 लाख 29 हजार 938 श्रद्धालु दर्शन के लिए आ चुके हैं। श्री गंगोत्री मंदिर समिति के मुताबिक , गुरुवार शाम साढ़े छह बजे तक यहां 8220 श्रद्धालु दर्शन के लिए आए। अब तक यहां पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या एक लाख 45 हजार 181 हो गई है।
श्री केदारनाथ-बद्रीनाथ मंदिर समिति के मुताबिक , केदारनाथ धाम में कपाट खुलने के बाद गुरुवार रात आठ बजे तक 15 हजार 423 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. यहां अब तक 2 लाख 32 हजार 730 श्रद्धालु आ चुके हैं। जबकि 15 हजार 654 श्रद्धालु गुरुवार बदरीनाथ धाम पहुंचे। यहां अब तक एक लाख 66 हजार 510 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। इन दोनों जगहों पर गुरुवार मौसम शुष्क रहा। इस तरह चारों धामों में तीर्थयात्रियों की संख्या 6 लाख 78 हजार 859 हो गई है। चारों धामों में आज मौसम साफ रहा और आवाजाही सुचारू रही।