कार-बस टक्कर में परिवार के 6 लोगों की मौत, 2 घायल

Summary :

उज्जैन जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर मक्सी-कंठा रोड पर शनिवार को कार एवं बस की टक्कर में कार में सवार एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गये।

उज्जैन (मध्यप्रदेश) :  उज्जैन जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर मक्सी-कंठा रोड पर शनिवार को कार एवं बस की टक्कर में कार में सवार एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गये। 
कायथा पुलिस थाना प्रभारी दौलतराम जोगावत ने बताया कि इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने उज्जैन जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 
उन्होंने कहा कि इस हादसे में दो अन्य घायल भी हुए हैं, जिन्हें यहां ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जोगावत ने बताया कि हादसे के वक्त कार में सवार ये लोग अजमेर से अपने घर वापस आ रहे थे। 
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान जुनेद शाह (30), उसकी पत्नी रज्जो बाई (24), जाहिद शाह (32), उसकी पत्नी रेशमा (27), उनकी बेटी जेबा (11) एवं बेटा ज़हीन (9) के रूप में की गई है। ये सभी निवासी नामदरपुरा तराना के हैं। 
जोगावत ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक मौके से फ़रार हो गया। 

Shera Rajput