केरल में शनिवार को कोविड-19 के 41971 नए मामले आए, जिससे राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1866827 हो गए, जबकि महामारी से 64 और मौतें होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,746 हो गयी। राज्य सरकार ने कहा कि प्रदेश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या अब 4.17 लाख हो गई है।
इस बीच, केरल सरकार ने उचित कोविड-19 उपचार गतिविधियों को सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पंचायत में वार्ड स्तरीय समितियों का गठन करने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि राज्य दूसरी लहर में अधिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, क्योंकि वायरस का यह स्वरूप अधिक खतरनाक है और तेजी से फैल रहा है।
उन्होंने कहा कि कोविड प्रकोप की पहली लहर को नियंत्रित करने और रोकने में स्थानीय निकायों द्वारा निभाई गई भूमिका अद्वितीय थी। मुख्यमंत्री ने स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा, ‘‘सभी वार्डों में वार्ड स्तरीय समितियों का गठन किया जाना चाहिए।’’ शनिवार से राज्य में लॉकडाउन लागू होने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दिन लोगों की प्रतिक्रिया संतोषजनक रही।
राज्य में 27456 लोग बीमारी से ठीक हो गए, जिससे अब तक स्वस्थ हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1443633 हो गई और वर्तमान में 417101 लोगों का विभिन्न जिलों में इलाज चल रहा है। पिछले 24 घंटों में 148546 नमूनों की जांच की गई और संक्रमण दर 28.25 प्रतिशत है। विजयन ने यहां संवाददाताओं से कहा, अब तक 1,69,09,361 नमूनों की जांच की गई है। एर्नाकुलम में अधिकतम 5,492 मामले आए, जबकि तिरुवनंतपुरम में 4,560 मामले आए।


Download Android App
Download iOS App



