झारखंड में शनिवार को पंचायत चुनाव के पहले चरण में 68 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य के 21 जिलों में 72 ब्लॉक की 1,127 पंचायतों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ था।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘चुनाव का पहला चरण शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। राज्य के किसी भी हिस्से से किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। कुल 68.15 प्रतिशत मतदान हुआ।’’
पहले चरण में 1,127 पंचायतों में 7,303 पंचायत सदस्यों, 1,117 मुखियाओं, 1,256 पंचायत समिति सदस्यों और 143 जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ।
पहले चरण में 6,231 उम्मीदवार निर्विरोध जीत दर्ज कर चुके हैं। झारखंड में पंचायत चुनाव चार चरणों में होंगे और पहले चरण की मतगणना 17 मई को होगी।


Download Android App
Download iOS App



