मलबे के नीचे दबने से 7 लोगों की मौत, एक लापता

Summary :

उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में चारधाम आलवेदर रोड के निर्माण के दौरान शुक्रवार को अचानक पहाडी से हुए भूस्खलन के मलबे में दबकर सात मजदूरों

उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में चारधाम आलवेदर रोड के निर्माण के दौरान शुक्रवार को अचानक पहाडी से हुए भूस्खलन के मलबे में दबकर सात मजदूरों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य लापता हो गया ।

जिले के उखीमठ क्षेत्र में ऋषिकेश—केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 107 पर भीरी और बांसवाडा के बीच दोपहर करीब साढे 12 बजे हुए इस हादसे में तीन अन्य मजदूर घायल भी हुए हैं जिन्हें निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती कराया गया है ।

रूद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान रिटेनिंग वॉल बनाते समय अचानक पहाडी से भूस्खलन हो गया । उन्होंने बताया कि उस दौरान वहां कुल 23 मजदूर काम कर रहे थे जिनमें से 11 मलबे में दब गये जबकि 12 अन्य किसी तरह इधर—उधर भाग कर जान बचाने में कामयाब रहे ।

शीतलहर का प्रकोप जारी, अगले 48 घंटे और सतायेगी हाडकंपाती ठंड !

घिल्डियाल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची तथा बचाव और राहत कार्य चलाया। उन्होंने बताया कि अब तक मलबे से सात शव बरामद कर लिये गये हैं जबकि एक अन्य लापता की तलाश की जा रही है ।

उन्होंने बताया कि मलबे से तीन व्यक्ति घायल अवस्था में भी निकाले गये जिनमें से दो की गंभीर हालत को देखते हुए हैलीकाप्टर से एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया ।

जिलाधिकारी ने बताया कि घटना की जांच के लिये मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिये गये हैं । उन्होंने बताया कि जखोली के उपजिलाधिकारी :एसडीएम: को घटना की जांच कर दस दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट देने को कहा गया है ।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भूस्खलन हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृत श्रमिकों की आत्मा की शांति तथा उनके शोकसंतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।

Desk Team