गुजरात के वड़ोदरा जिले में एक होटल में सेप्टिक टैंक साफ करने के दौरान दम घुटने से चार सफाईकर्मियों सहित सात लोगों की शनिवार को मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि वड़ोदरा शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर डभोई तहसील के फार्टिकुई गांव में स्थित एक होटल में यह हादसा हुआ।
हादसे में मारे गए लोगों में तीन होटल कर्मचारी भी शामिल हैं। जिलाधिकारी किरण झावेरी ने कहा, “जब एक सफाईकर्मी मेनहोल से बाहर नहीं आया तो अन्य उसे देखने अंदर गए। सभी की दम घुटने से मौत हो गई।” वही, होटल मालिक हसन अब्बास घटना के बाद से ही फरार बताया गया है। उसने होटल में भी ताला लगा दिया है।
मृतक सफाईकर्मियों में एक पिता-पुत्र की जोड़ी भी शामिल है। इस बात की जांच की जा रही है कि इनकी मौत गटर लाइन में रहने वाली गैस से दम घुटने के कारण हुई है अथवा ये सभी डूबने से मरे हैं। मृतकों की पहचान हितेश हरिजन (23) और उसके पिता अशोक हरिजन (45), महेश हरिजन (25) तथा महेश पाटनवाडिया (46) (चारो सफाईकर्मी और निकटवर्ती थुवावी गांव के निवासी) तथा होटल के तीन कर्मियों अजय वसावा (24, निवासी कादवली गांव जिला भरूच), विजय चौधरी (22) और शहदेव वसावा (22) (दोनो सूरत जिले के उमरपदा तालुका के वेलावी गांव गांव निवासी) के रूप में की गई है।
घटना की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



