तेदेपा प्रत्याशी बनाये जाने के कुछ घंटे के बाद वाईएसआरसी में शामिल हुये पूर्व मंत्री

Summary :

रेणुका भी वाईएसआरसी में वापस आने के लिए तैयार हैं। पूर्वी गोदावरी जिले से पूर्व सांसद वंगा गीता भी शनिवार दोपहर में वाईएसआरसी में शामिल हो गईं। 

नेल्लोर (ग्रामीण) विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी बनाये जाने के कुछ घंटों के बाद पूर्व मंत्री अदाला प्रभाकर रेड्डी सत्तारूढ़ तेदेपा को झटका देते हुये शनिवार को विपक्षी वाईएसआर कांग्रेस में शामिल हो गये। पार्टी अध्यक्ष वाई एस जगनमोहन रेड्डी की उपस्थिति में रेड्डी वाईएसआरसी में शामिल हुये। इस अवसर पर अदाला प्रभाकर रेड्डी ने कहा, ‘‘मुझे अफसोस है कि इतने दिनों तक मैं वाईएसआरसी में शामिल नहीं हुआ।

मेरा लक्ष्य जगन को आंध्र प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है।’’ तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) ने बृहस्पतिवार रात में 125 अन्य प्रत्याशियों के साथ रेड्डी के नाम की घोषणा की थी। उन्हें नेल्लोर (ग्रामीण) क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया था।

घोषणा के बाद से ही उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था। इस बीच, पूर्वी गोदावरी में रामचंद्रपुरम से तेदेपा के अन्य प्रत्याशी तोटा तिरूमुर्तुलू ने भी कहा है कि वह वाईएसआरसी के साथ बातचीत कर रहे हैं। दूसरी तरफ, करनूल से सांसद बुत्ता रेणुका भी वाईएसआरसी में वापस आने के लिए तैयार हैं। पूर्वी गोदावरी जिले से पूर्व सांसद वंगा गीता भी शनिवार दोपहर में वाईएसआरसी में शामिल हो गईं।

Desk Team