निजी दौरे पर पहली बार उत्तराखंड आये दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आज उत्तराखंड की धरती पर चुनावी ऐलान करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़गी और राज्य में मजबूत विकल्प देगी। सिसोदिया ने उत्तराखंड सरकार को भ्रष्टाचारी सरकार की संज्ञा देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने अभी तक जनता की भलाई के लिये कोई महत्वपूर्ण काम नहीं किया है।
सिसोदिया आज हल्द्वानी में पत्रकारों और जनता से मुखातिब हो रहे थे। उन्होंने त्रिवेन्द्र सिंह रावत को चुनौती देते हुए कहा कि वह बतायें कि उन्होंने ऐसे कौन से ऐसे पांच सकारात्मक कार्य किये हैं जो जनता के हित में हों? उन्होंने कहा कि वह इस मामले में बहस करने को तैयार हैं। उन्होंने साफ साफ कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार का खेल हो रहा है। भाजपा सरकार में सब्सिडी घोटाला और छात्रवृत्ति घोटाला हुए हैं। त्रिवेन्द्र रावत सरकार भ्रष्टाचारियों के खिलाफ इसलिये कार्रवाई नहीं कर रही है क्योंकि वह भी भ्रष्टाचार में लिप्त है। मुख्यमंत्री के साथ साथ कांग्रेस नेता हरीश रावत के खिलाफ भी भ्रष्टाचार के स्टिंग हैं। इसलिये वे भ्रष्टचारियों के खिलाफ कार्रवाई से बच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों से परेशान है और उसके पास विकल्प मौजूद नहीं है। इसलिये राज्य में पांच साल भाजपा और पांच साल कांग्रेस की सरकार रहती है और दोनों ने उत्तराखंड की जनता का सपना पूरा नहीं किया है। उन्होंने दावा किया कि आप प्रदेश में मजबूत विकल्प देगी।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में आप विजयी होगी और सरकार बनायेगी। अभी तक प्रदेश की जनता के पास विकल्प मौजूद नहीं था और आप विकल्प बनकर आयी है। उन्होंने कहा कि राज्य में दिल्ली का केजरीवाल मॉडल अपनाया जायेगा। बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा रोजगार के क्षेत्र में दिल्ली की तर्ज पर काम किया जायेगा। उनकी सरकार ने पांच साल में दिल्ली की तस्वीर बदल दी है। हालांकि वह राज्य के विकास के लिये जनता के सामने कोई रोडमैप नहीं रख पाये।
उन्होंने कहा कि देश में आप पार्टी सबसे उभरती हुई पार्टी है। उसके एक प्रदेश में अभी तक तीसरा मुख्यमंत्री, दूसरे राज्य में 20 विधायक व चार सांसद व दो राज्यसभा सांसद मौजूद हैं। इससे पहले वह आज सुबह नैनीताल के कैंची धाम गये और नीम करौली बाबा के दर्शन किये। उन्होंने कहा कि उन्हें यहां आकर आत्मिक शांति मिली है और उन्होंने देश और प्रदेश की खुशहाली के लिये दुआ की है।


Download Android App
Download iOS App



