AAP के CM उम्मीदवार के हाथ लगी हार, संजय राउत बोले- गोवा में किसी भी दल को नहीं मिल रहा पूर्ण बहुमत

Summary :

शिवसेना सांसद संजय राउत ने गुरुवार को दावा किया कि गोवा में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत हासिल नहीं होने वाला है।

शिवसेना सांसद संजय राउत ने गुरुवार को दावा किया कि गोवा में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत हासिल नहीं होने वाला है। हालांकि, शुरुआती रुझानों में राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनने की राह पर अग्रसर नजर आ रही है। अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर तक भाजपा 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा की 19 सीटों पर आगे चल रही थी, जहां बहुमत का आंकड़ा 21 है। वहीं, महाराष्ट्र में शिवसेना की सहयोगी कांग्रेस 11, जबकि राज्य में उसकी सहयोगी गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
संजय राउत ने कही यह बात 
राउत ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा मणिपुर में आगे चल रही है, लेकिन कांग्रेस भी इस उत्तर-पूर्वी राज्य में आगे बढ़ रही है। शिवसेना सांसद ने कहा, “गोवा में किसी को पूर्ण बहुमत नहीं हासिल होने वाला है। वहीं, उत्तर प्रदेश में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व वाला गठबंधन कड़ी टक्कर दे रहा है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अच्छा प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। गोवा में 14 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में शिवसेना ने 11 उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन ये सब पीछे चल रहे हैं। पार्टी ने उत्तर प्रदेश और मणिपुर की कई सीटों पर भी चुनाव लड़ा है।
AAP के मुख्यमंत्री उम्मीदवार के हाथ लगी हार 
बता दें कि गोवा में आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार अमित पालेकर गुरुवार को कांग्रेस के हाथों विधानसभा चुनाव हार गयी। कांग्रेस ने यह सीट भाजपा से झटक ली है। चुनाव आयोग द्वारा अबतक घोषित चुनाव परिणाम के अनुसार अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली पार्टी ने इस तटीय प्रदेश में एक सीट जीती है जबकि एक अन्य पर आगे चल रही है। वकालत से राजनीति में आये पालेकर को चुनाव से पूर्व 14 फरवरी को आप ने पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था। वह सेंट क्रूज विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में थे।
अन्य पार्टियों का है यह हाल 
कांग्रेस उम्मीदवार रूडोल्फो फर्नांडीज ने इस सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के एंटोनियो फर्नांडीस को हराया। फर्नांडीज इस निर्वाचन क्षेत्र से विधायक थे। कांग्रेस उम्मीदवार को 8841, भाजपा के फर्नांडीज को 6377 और पालेकर को 4098 वोट मिले। आप उम्मीदवार कैप्टन वेंजी वीगास ने बेनाउलिम निर्वाचन क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के चर्चिल अलेमाओ को हराया है जबकि आप प्रत्याशी क्रूज सिल्वा वेलिम सीट पर आगे चल रहे हैं। आप ने सभी 40 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे।

Desk Team