अभिनेत्री अनन्या पांडे बृहस्पतिवार को मुंबई स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के सामने पेश हुईं। केंद्रीय एजेंसी ने मादक पदार्थ मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के खिलाफ जांच के दौरान कथित तौर पर व्हाट्सएप चैट में उनका नाम पाया था। अनन्या से 21 अक्टूबर को हुई पूछताछ आज पूरी नहीं हुई है, उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे बुलाया गया है।
अनन्या और आर्यन खान के बीच हुई कुछ व्हाट्सएप चैट
अनन्या के पिता चंकी पांडे उनके साथ दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट स्थित एनसीबी कार्यालय गए, जहां वे शाम लगभग चार बजे पहुंचे। एनसीबी की मुंबई क्षेत्रीय इकाई क्रूज पोत से मादक पदार्थ जब्त किये जाने संबंधी मामले की जांच कर रही है। इस मामले में आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों ने बताया कि एनसीबी की क्षेत्रीय इकाई आज सुबह बांद्रा में अनन्या पांडे के आवास पर गई और उन्हें बाद में दिन में अपना बयान दर्ज करने के लिए बुलाया। सूत्रों ने कहा कि अनन्या का नाम उनके और आर्यन खान के बीच हुई कुछ व्हाट्सएप चैट कथित तौर पर मोबाइल फोन में पाए जाने के बाद सामने आया।
अनन्या का मोबाइल और लैपटॉप जब्त
सूत्रों ने कहा कि इससे पहले दिन में, एनसीबी के अधिकारियों ने उसका मोबाइल और लैपटॉप जब्त कर लिया था। सूत्रों ने कहा कि अनन्या को दोपहर में एनसीबी के सामने पेश होने के लिए कहा गया। इसी के अनुसार वह अपने पिता चंकी पांडे के साथ एनसीबी अधिकारियों के सामने पेश हुई। हालांकि, एनसीबी के अधिकारियों ने मामले में उनकी भूमिका, यदि कोई है, के बारे में अभी तक स्पष्ट नहीं किया है। एनसीबी कार्यालय के बाहर पुलिस की भारी तैनाती थी और वहां बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी भी मौजूद थे।
शाहरुख खान के आवास ‘मन्नत’ भी गई एनसीबी
गौरतलब है कि एनसीबी ने मुंबई तट पर एक क्रूज पोत पर छापा मारा था और चरस सहित मादक पदार्थ जब्त करने का दावा किया था। इसके बाद आर्यन खान को तीन अक्टूबर को कुछ अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया था। एक अधिकारी ने कहा कि एनसीबी की एक टीम आज दोपहर उपनगर बांद्रा में शाहरुख खान के आवास ‘मन्नत’ भी गई और उनसे मामले की जांच से संबंधित कुछ सामग्री मांगी। शाहरुख खान ने बृहस्पतिवार की सुबह अपने बेटे आर्यन खान से मुंबई के आर्थर रोड जेल में मुलाकात की।


Download Android App
Download iOS App



