Adhir Ranjan Choudhary : कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी की आलोचना की और आरोप लगाया कि उनके बदलते बयान और बदलता रुख भारतीय जनता पार्टी (BJP) से उनके डर का संकेत है।
अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना
टीएमसी द्वारा चौधरी को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल में दोनों पार्टियों के बीच एक असफल गठबंधन के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। चौधरी ने कहा कि बनर्जी जैसी वरिष्ठ नेता को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए देखना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। चौधरी ने यहां मुर्शिदाबाद जिले में पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ममता बनर्जी आरोप लगा रही हैं कि कांग्रेस मुस्लिम वोट पाने के लिए तरह-तरह की बातें कर रही है। भाजपा भी कह रही है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस कमजोर होगी, और दीदी (ममता) कह रही हैं कि कांग्रेस से कुछ भी नहीं होने वाला है।’’
‘मैं यह समझने में असमर्थ हूं कि वास्तव में उनके मन में क्या है’
चौधरी ने कहा, ‘‘मैं यह समझने में असमर्थ हूं कि वास्तव में उनके मन में क्या है। हालांकि यह देखना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक नेता जो ‘इंडिया’ गठबंधन में है, वह ऐसी बातें कहती हैं।’’ टीएमसी प्रमुख बनर्जी की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कि उन्हें संदेह है कि क्या कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव में 40 सीट भी हासिल कर पाएगी, चौधरी ने कहा, ”ऐसा लगता है कि ममता बनर्जी भाजपा से डर गई हैं और यही कारण है कि वह हर दिन अपना रुख बदल रही हैं।’’
बनर्जी की यह टिप्पणी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस दावे के बाद आयी थी कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ टीएमसी के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा चल रही है और मामला सुलझा लिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



