लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों में बड़े पैमाने पर नदी तट के कटाव को राष्ट्रीय आपदा के तौर पर लेने और इसके निदान के लिए पर्याप्त निधि जारी करने का शनिवार को अनुरोध किया।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि उपजाऊ भूमि का बड़ा हिस्सा अल्पसंख्यक बहुल इन दोनों जिलों में बहने वाली गंगा में डूब गया जिससे लाखों लोग बेघर हो गए और इसने उन्हें ‘‘नव-शरणार्थी’’ बना दिया है। कांग्रेस की बंगाल ईकाई के प्रमुख चौधरी ने पत्र में कहा, ‘‘वे भूमिहीन हो गए हैं और अपनी आजीविका भी खो दी है। कई बार गरीबी से अपराध बढ़ते हैं। इससे कई सामाजिक समस्याओं के साथ ही नव-शरणार्थी पैदा होते हैं।’’
नदी तट के कटाव के प्रभावित लोगों की दिक्कतों का उदाहरण देते हुए चौधरी ने कहा कि मालदा से ऐसे लोगों की एक कॉलोनी मुंबई के बायकुला इलाके में आ गयी है जहां उन्हें बांग्लादेशी घुसपैठियां कहा जाता है क्योंकि इस घटना में उन्होंने अपने दस्तावेज भी गंवा दिए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘संप्रग सरकार के दौरान इस उद्देश्य के लिए बड़ी निधि जारी की जाती थी। मैं आपसे नदी तट के कटाव को रोकने और प्रभावित लोगों के जीवन तथा आजीविका की रक्षा के लिए पर्याप्त निधि जारी करने का अनुरोध करता हूं।’’ चौधरी मुर्शिदाबाद जिले में बरहमपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।


Download Android App
Download iOS App



