छह अप्रैल को होने वाले केरल विधानसभा चुनावों के लिए केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह आज प्रचार मैदान में उतरे। उन्होंने त्रिपुनिथुरा शहर में बुधवार को एक रोडशो और एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केरल एक जमाने में विकास और टूरिज्म के मॉडल के रूप में, सबसे ज्यादा शिक्षित और शांतिप्रिय प्रदेश के रूप में जाना जाता था। लेकिन LDF और UDF ने केरल को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है।
LDF के नेतृत्व में भाजपा और आरएसएस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं की हत्या से रक्त रंजित हुई
केरल में गृह मंत्री ने कहा कि शांति के लिए प्रसिद्ध केरल की भूमि LDF के नेतृत्व में भाजपा और आरएसएस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं की हत्या से रक्त रंजित हुई है। भाजपा के नेता और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश विकास कर रहा है और केरल में भ्रष्टाचार की नाव चल रही है। उन्होंने कहा कि केरल में बदलाव का समय आ गया है, ई.श्रीधरन जैसे वरिष्ठ ब्यूरोक्रेटस भी भाजपा में इसलिए होते हैं क्योंकि LDF और UDF अब केरल का भला नहीं कर सकते।
जिस राज्य के मुख्यमंत्री कार्यालय तस्करी में शामिल हो, उस मुख्यमंत्री को फिर से चुनने का क्या मतलब है
उन्होंने कहा कि कुछ पत्रकारों ने कहा कि केरल के मुख्यमंत्री करते हैं कि ED भेदभाव के साथ जांच कर रही है। क्या गोल्ड स्कैम का मुख्य आरोपी आपके कार्यालय में काम करता था या नहीं? क्या आपकी सरकार ने मुख्य आरोपी को 3 लाख रुपये का मासिक वेतन दिया था या नहीं? अमित शाह ने कहा कि केरल की जनता को मैं यह कहता हूं कि जिस राज्य के मुख्यमंत्री कार्यालय, उनके प्रधान सचिव, प्रधान सचिव द्वारा प्रमोट की गई महिला, तस्करी में शामिल हो, उस मुख्यमंत्री को फिर से चुनने का क्या मतलब है?
एलडीएफ सरकार ने पूरे प्रशासन को अपनी कैडर में बदलने का काम किया
उन्होंने कहा कि एलडीएफ सरकार ने पूरे प्रशासन को अपनी कैडर में बदलने का काम किया है। अपनी पार्टी के कैडर को सरकारी पद दिलाने के लिए, पब्लिक सर्विस कमीशन को रिमोट कंट्रोल से ये लेफ्ट पार्टियां चलाती हैं। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत 1100 करोड़ रुपये की लागत से शहरों को अपग्रेड करने का काम चल रहा है। नेशनल हाईवे के लिए 65,000 करोड़ रुपये केरल के लिए देने का काम नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। कोच्चि मेट्रो के विकास के लिए 1957 करोड़ रुपये केंद्र सरकार ने भेजे हैं।
जनता के मन में जो मुद्दे हैं यदि उन्हें उठाना धार्मिक ध्रुवीकरण है तो यह नई परिभाषा सुन रहे हैं
उन्होंने कहा की जनता के मन में जो मुद्दे हैं यदि उन्हें उठाना धार्मिक ध्रुवीकरण है तो यह धार्मिक ध्रुवीकरण की नई परिभाषा सुन रहे हैं। कोई रमजान मनाए, क्रिसमस भी मनाए, हमें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन, दुर्गा पूजा और सरस्वती पूजा पर तो रोक नहीं लगा सकते। अमित शाह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हम बंगाल में 18 सीटें जीते और तीन सीटें हम 5,000 से कम के अंतर से हारे। अब तो लोगों को भाजपा की जीत पर यकीन है। आज की तारीख में 85 फीसद बूथों पर हमारा संगठन बन चुका है।
कांग्रेस किस प्रकार की सेक्युलर पार्टी है, समझ में नहीं आता
उन्होंने आगे कहा कि मुझे तो कांग्रेस पार्टी की बातें ही समझ में नहीं आती हैं। असम में बदरुद्दीन अजमल के साथ, बंगाल में फुरफुराशरीफ के पीरजादा के साथ और केरल में मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन किया है। यह किस प्रकार की सेक्युलर पार्टी है, मेरी समझ में नहीं आता। उन्होंने कहा कि मैं आज केरल की जनता से अपील करने आया हूं कि एलडीएफ-यूडीएफ के झांसे से निकलिए, कमल को खिलाइए और मोदी जी के नेतृत्व में नया केरल बनाइए।
कांग्रेस पार्टी कंफ्यूज पार्टी है
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कंफ्यूज पार्टी है, यहां कम्युनिस्ट के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं और बंगाल में कम्युनिस्ट के साथ लड़ रहे हैं। वो इतने कंफ्यूज हैं..इनका नेतृत्व भी कंफ्यूज और पार्टी भी कंफ्यूज है। अमित शाह ने कहा कि केरल की जनता LDF और UDF से परेशान है, यहां की जनता बीजेपी को एक विकल्प के रूप में देख रही है और मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि हम बहुत अच्छी बढ़त के साथ इस बार केरल चुनाव में प्रदर्शन करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



