केंद्रीय बलों के खिलाफ दीदी का गुस्सा उनकी हार और TMC की निराशा का है सबूत : अमित शाह

Summary :

अमित शाह ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं पर लगातार हमला होना, हमारे प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पर पिछले 2-3 दिन में हमला हुआ। कल भवानीपुर में पुलिस स्टेशन में बैठे हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ। इन हमलों के खिलाफ TMC के एक भी नेता की टिप्पणी नहीं आई, मौन इशारा कर रहा है कि आप हिंसा करिए।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा को तीन चरण में बंगाल की जनता का अप्रत्याशित समर्थन मिला है। हमारे एक आकलन के हिसाब से भाजपा इन तीन चरण में 63-68 सीट जीत रही है। उन्होनें कहा कि तृणमूल कांग्रेस की निराशा उनके व्यवहार और भाषणों से साफ दिखाई ​देती है। राज्य की मुख्यमंत्री और राजनीतिक दल की अध्यक्ष ये कहती हैं कि CAPF का घेराव कर लो, मैंने ऐसा दृश्य अपने राजनीतिक जीवन में कभी नहीं देखा।
अमित शाह ने कहा कि वो (CM) आरोप लगा रही हैं कि गृह मंत्रालय के इशारे पर CAPF चुनाव को प्रभावित कर रहा है,  मैं दीदी को कॉमन सेंस की बात बताना चाहता हूं कि CAPF जब चुनाव के काम में लगता है तो गृह मंत्रालय का नियंत्रण नहीं होता है। पैरामिलिट्री फोर्स पर चुनाव आयोग का नियंत्रण होता है।
अमित शाह ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं पर लगातार हमला होना, हमारे प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पर पिछले 2-3 दिन में हमला हुआ। कल भवानीपुर में पुलिस स्टेशन में बैठे हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ। इन हमलों के खिलाफ TMC के एक भी नेता की टिप्पणी नहीं आई, मौन इशारा कर रहा है कि आप हिंसा करिए।
अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी ने घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से कटवाने के लिए तीन बार संसद को परेशान किया था, आज वो ही ममता दीदी उनकी संरक्षक बनी हैं। लोग कैसे-कैसे बदलते हैं, मैं तो सोच भी नहीं सकता! उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से दीदी ने अल्पसंख्यक वोटरों से अपील की है कि एकजुट हो जाइए और टीएमसी के लिए वोट करिए, ये बताता है कि शायद उनके अल्पसंख्यक वोट भी धीरे-धीरे उनसे खिसक रहे हैं, कहीं और जा रहे हैं ये डर उनको सता रहा है।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि दीदी बंगाल के जनता आपके खिलाफ है क्योंकि बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति पूर्णतया चरमरा गई है। बंगाल की जनता आपके खिलाफ इसलिए है क्योंकि यहां पर घुसपैठ बिना रोकटोक के हो रही है। उन्होनें कहा कि बंगाल की जनता आपके खिलाफ इसलिए है कि जो लाखों-करोड़ों शरणार्थी आए हैं, उनको नागरिकता देने का कानून CAA मोदी जी लेकर आएं, और आप CAA का विरोध कर रही हैं।
अमित शाह ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद कलकत्ता, उत्तर बंगाल के विकास, बंगाल की संस्कृति के लिए और बंगाल के समग्र विकास के लिए हम क्या करेंगे इसका भी रोडमैप लेकर हम बंगाल की जनता के सामने आए हैं। उन्होनें कहा कि बंगाल में तीन चरण का चुनाव हो गया है। मैं सभी मतदाताओं को अपील करता हूं कि सुरक्षित बंगाल, विकसित बंगाल, सोनार बांग्ला के लिए बाकी के पांच चरणों में भाजपा के पक्ष में भारी मतदान करिए।

बंगाल में कल चौथे चरण के लिए मतदान, 373 उम्मीदवारों के भाग्य का होगा फैसला

Desk Team