अहमदाबाद में जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले अमित शाह ने की पूजा, मंगला आरती में हुए शामिल

Summary :

अमित शाह ने आज रथ यात्रा की शुरुआत से पहले मंदिर में मंगल आरती में हिस्सा लिया और यहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा की।

कोरोना संकट के बीच गुजरात के अहमदाबाद और ओडिशा के पुरी में सोमवार को बिना श्रद्धालुओं की उपस्थिति के भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाएगी। भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी हो गयी है।र थ यात्रा में सीमित संख्या में कुछ निश्चित लोगों को ही हिस्सा लेने की अनुमति होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस समय अहमदाबाद के दौरे पर हैं। अमित शाह ने आज रथ यात्रा की शुरुआत से पहले मंदिर में मंगला आरती में हिस्सा लिया और  यहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा की। 
इस दौरान अमित शाह ने ट्वीट ने ट्वीट कर कहा है कि जगन्नाथ रथयात्रा के शुभ अवसर पर मैं अहमदाबाद के जगन्नाथ मंदिर में कई वर्षों से मंगला आरती में भाग लेता आ रहा हूँ और हर बार यहाँ एक अलग ऊर्जा की प्राप्ति होती है। आज भी महाप्रभु की आराधना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। महाप्रभु जगन्नाथ सभी पर सदैव अपनी कृपा व आशीष बनायें रखें।

अहमदाबाद में अधिकारियों ने बताया कि जनता के भाग न लेने के अलावा, 144वीं रथयात्रा का आयोजन सादे तरीके से कम समय में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार 12 घंटे के स्थान पर चार-पांच घंटे में यात्रा समाप्त हो जाएगी, हालांकि यह पहले की तरह 19 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

पुरी में जिला प्रशासन ने रविवार रात आठ बजे से दो दिन के लिए कर्फ्यू लागू कर दिया। पवित्र रथों को सोमवार अपराह्न तीन बजे रवाना किया जाएगा।  प्रशासन ने श्री जगन्नाथ मंदिर से श्री गुंडिचा मंदिर के बीच तीन किलोमीटर लंबे ग्रांड रोड पर प्रतिबंध लागू किया है जहां चिकित्सा आपातकाल के अलावा अन्य सभी गतिविधियों पर रोक रहेगी।
कोविड महामारी के वर्तमान हालात के मद्देनजर इस वार्षिक धार्मिक आयोजन के सहज संचालन के लिए कम से कम 65 दस्तों की तैनाती की गई है। प्रत्येक दस्ते में 30 जवान शामिल हैं।
पुरी के जिलाधिकारी समर्थ वर्मा ने कहा कि लोगों से अपील की गई है कि वे कर्फ्यू की अवधि के दौरान रविवार आठ बजे से मंगलवार रात आठ बजे तक घरों से नहीं निकलें और ग्रांड रोड पर भीड़ एकत्र नहीं करें। रथ यात्रा भक्त लोग टीवी पर भी देख सकते है। 

Desk Team