आंगनबाड़ी केंद्र होंगे सरकारी भवन में स्थानांतरित

Summary :

आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने गुरुवार को यहां अधिकारियों की समीक्षा

ग्वालियर : मध्य प्रदेश में सरकार बदलने के साथ अन्य क्षेत्रों में बदलाव का दौर जारी है। महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने निजी भवनों में चलने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने गुरुवार को यहां अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कहा कि कुपोषण निवारण के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करें।

इसके साथ ही यह सुनिश्चित करें कि आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों एवं महिलाओं को उच्च गुणवत्तायुक्त पोषण आहार मिले। महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने विभागीय अधिकारियों को पोषण आहार की गुणवत्ता में सुधार संबंधी जिलेवार रिपोर्ट प्रस्तुत करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर हितग्राहियों को लाभान्वित करें।

इमरती देवी ने वन स्टॉप सेंटर में काउंसिलिंग की अवधि, महिला सुरक्षा प्लान और प्रदेश की नई सरकार द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से दिए गए निर्देशों के पालन के लिए समयावधि निर्धारित कर, कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को जल्द से जल्द शासकीय भवनों में स्थानांतरित करने की हिदायत भी दी।

Desk Team