पैगंबर मोहम्मद पर नुपुर शर्मा के बयान को लेकर हैदराबाद में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सिर कलम करने की धमकी देने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि आरोपी ने अपने पोस्ट में कहा था कि आरएसएस और बीजेपी के नेताओं को पार्टी की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर की गयी विवादित टिप्पणियों के लिए माफी मांगनी चाहिए, वरना उनका सिर कलम कर दिया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि मुगलपुरा पुलिस ने उकसावे वाला पोस्ट करने के लिए व्यक्ति के खिलाफ खुद मामला दर्ज किया था और बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसे यहां की एक अदालत में पेश किया गया और अदालत ने पुलिस को उसे दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 41ए के तहत एक नोटिस देने का निर्देश दिया।
सीआरपीसी की धारा 41ए के तहत प्रावधान है कि ऐसे मामलों में जहां किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी की तत्काल आवश्यकता नहीं है, उसमें पुलिस व्यक्ति को किसी पुलिस अधिकारी के समक्ष पेश होने का निर्देश देते हुए एक नोटिस जारी करेगी।अधिकारी ने बताया कि इसके अनुसार पुलिस ने व्यक्ति को नोटिस जारी किया। इस व्यक्ति को बाद में छोड़ दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



