असम : AIUDF के इकलौते हिन्दू विधायक BJP में हुए शामिल, बोले-कब तक विपक्ष में रहूंगा

Summary :

भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र के एआईयूडीएफ विधायक फणीधर तालुकदार ने पिछले विधानसभा चुनावों में कई बार इस सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और असफल रहे थे।

असम में विपक्षी दल ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) के विधायक फणीधर तालुकदार ने आज बीजेपी ज्वाइन कर ली। फणीधर तालुकदार AIUDF के एकलौते हिंदू विधायक थे। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की मौजूदगी में तालुकदार ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री सरमा ने इस मौके पर उन्हें बधाई भी दी।
बीजेपी ज्वाइन करते ही फणीधर तालुकदार ने कहा, मैंने सीएम के साथ काम करने के लिए AIUDF छोड़ा। AIUDF के साथ कोई समस्या नहीं है, लेकिन मैं उम्मीद कर रहा था कि वे सरकार का हिस्सा होंगे। मेरे विधानसभा क्षेत्र के लोग गरीब हैं। मैं कब तक विपक्ष में रहूंगा और इससे मेरे क्षेत्र के लोगों को क्या लाभ होगा? इसलिए मैं बीजेपी में शामिल हुआ हूं।

पश्चिम बंगाल में परेशानी का सबब बनी कोरोना वैक्सीन, टीकाकरण केंद्र में हुई भगदड़, 25 लोग हुए घायल

भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र के एआईयूडीएफ विधायक ने पिछले विधानसभा चुनावों में कई बार इस सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और असफल रहे थे। बाद में वह एआईयूडीएफ में शामिल हो गए और इस साल चुनाव में उतरे। 
तालुकदार ने सत्तारूढ़ दल की सहयोगी पार्टी असम गण परिषद के उम्मीदवार रंजीत डेका को चुनाव में हराया। इससे वह एआईयूडीएफ के इकलौते हिंदू विधायक बन गए। एआईयूडीएफ के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी को तालुकदार का इस्तीफा मिल गया है। पार्टी के फिलहाल 16 विधायक हैं।

Desk Team