असम : जूनियर डॉक्टर के साथ मारपीट मामले में 24 लोग गिरफ्तार, CM ने न्याय का दिया आश्वासन

Summary :

असम मेडिकल सेवा संघ (एएमएसए) ने घोषणा की कि उसके सदस्य इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और पूरे असम में वे ओपीडी सेवाओं का बुधवार को बहिष्कार करेंगे।

असम के होजई में कोरोना संक्रमित मरीज की मौत के बाद जूनियर डॉक्टर के साथ की गई मारपीट के आरोप में 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा, “मैं खुद जांच पर नजर बनाए हूं और वादा करता हूं कि कानून के तहत न्याय किया जाएगा।’’
वहीं, मामले में असम पुलिस ने कहा कि वे मामले में जल्द एक ‘‘पुख्ता अरोपपत्र’’ दाखिल करेंगे, ताकि मंगलवार को उडाली कोविड देखभाल केंद्र में डॉ. सीयूज कुमार सेनापति के साथ की कई कथित मारपीट के मामले में शामिल सभी लोगों को दंडित किया जा सके।


घटना पर पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत ने कहा कि वह इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं क्योंकि वैश्विक महामारी में डॉक्टर अग्रिम मोर्च पर तैनात हैं और सेनापित पर हुआ यह हमला ‘‘अग्रिम मोर्च के कर्मचारियों पर हुए हमले के बराबर है।’’

उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ‘‘ असम पुलिस यह होने नहीं देगी…. हम आरोपियों को न्याय के दायरे में लाएंगे…. यह सभी को पता होना चाहिए कि अग्रिम मोर्च पर तैनात कर्मियों पर हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा… उनके खिलाफ एक मजबूत मामला तैयार किया जा रहा है।’’
विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वीडियो में दिख रही एक महिला सहित मुख्य आरोपियों, साजिश रचने वालों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘हम कम से कम समय में एक पुख्ता आरोपपत्र दाखिल करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि आरोपियों को न्याय के दायरे में लाया जाए।’’
होजई के पुलिस अधीक्षक बरुन पुरकायस्थ ने बताया था कि कोरोना वायरस से गंभीर रूप से संक्रमित मरीज की उडाली कोविड देखभाल केन्द्र में मंगलवार दोपहर मौत हो गई थी। उन्होंने मंगलवार को बताया था, ‘‘मरीज की मौत के तुरंत बाद, उसके रिश्तेदार और उसके परिचित लोगों का एक समूह वहां पहुंचा और डॉक्टर को मारने लगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद हमारा एक दल मौके पर पहुंचा और तीन लोगों को गिरफ्तार किया। मामले की जांच जारी है।’’
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें महिलाओं सहित कुछ लोग एक डॉक्टर को मारते नजर आ रहे हैं। सभी राजनीतिक दलों ने घटना की निंदा करते हुए सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस बीच, असम मेडिकल सेवा संघ (एएमएसए) ने घोषणा की कि उसके सदस्य इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और पूरे असम में वे ओपीडी सेवाओं का बुधवार को बहिष्कार करेंगे। वहीं, भारतीय चिकित्सा संघ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र लिखा और सेनापति पर हुए हमले को ‘‘बेहद अमानवीय’’ करार दिया तथा दोषियों के खिलाफ जल्द कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Desk Team