असम और मिजोरम सीमा पर लंबे समय से चल रहे विवाद को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मुख्यमंत्री जोरामथंगा से मुलाकात की। दिल्ली के असम हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान सीमा विवाद को सुलझाने तथा अन्य मुद्दों को लेकर चर्चा हुई। असम और मिजोरम सीमा विवाद पर इस तरह की ये दूसरी बैठक थी।
मुलाकात के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मिजोरम के मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई है और दोनों राज्यों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई, खासकर सीमा मुद्दे के संबंध में। उन्होंने बताया हाल ही में इस मुद्दे को लेकर उनके द्वारा गठित मंत्रियों एक टीम ने आइजोल में निरीक्षण भी किया है।
उन्होंने बताया कि हम दोनों राज्यों के बीच सीमा मुद्दों पर चर्चा और समाधान के लिए एक क्षेत्रीय समिति बनाने की प्रक्रिया में हैं। इससे सीमा विवाद हल करने में मदद मिलेगी। दोनों के बीच हुई आज की बैठक को उन्होंने सकारात्मक बताया है।

गौरतलब है कि मिजोरम के तीन जिले आइजोल, कोलासिब और ममित, इसके अलावा असम के हैलाकांडी, करीमगंज और कछार जिले 164.6 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं। दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से सीमा को लेकर विवाद रहा है। ये विवाद दो औपनिवेशिक सीमांकन 1875 और 1933 से उपजा है। दोनों के बीच कई बार सीमा विवाद हिंसक भी हुआ है।
आपको बता दें विवाद को लेकर पिछले साल नवंबर में दोनों नेता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नई दिल्ली में मिले थे। पिछली बैठक में दोनों पक्ष सीमा पर शांति बनाए रखने पर सहमत हुए थे और अक्टूबर में गुवाहाटी में दोबारा मिलने का फैसला किया था। हालांकि गुवाहाटी में बैठक की तारीख अभी तय नहीं हुई है।


Download Android App
Download iOS App



