असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 90 के पार, 26 जिलों के 36 लाख लोग प्रभावित

Summary :

असम में बाढ़ संबंधी घटनाओं में सात और लोगों की मौत हो गयी। इसके बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 92 हो गयी। राज्य के 26 जिलों के लगभग 36 लाख लोग आपदा से प्रभावित हैं।

असम में बाढ़ संबंधी घटनाओं में  सात और लोगों की मौत हो गयी। इसके बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 92 हो गयी। राज्य के 26 जिलों के लगभग 36 लाख लोग आपदा से प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने कहा कि मोरिगांव जिले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बारपेटा में दो, सोनितपुर और गोलाघाट जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। 
राज्य में बाढ़ से संबंधित घटनाओं में अब तक 92 लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ में 66 लोगों की मौत हुई है, जबकि 26 लोगों की जान भूस्खलन की वजह से चली गई। धेमाजी, लखीमपुर, बिस्वनाथ, सोनितपुर, दरांग, बक्सा, नलबाड़ी, बारपेटा, चिरांग, बोंगाइगांव, कोकराझार, धुबरी, शिवसागर, डिब्रूगढ़ समेत कुछ अन्य जिले बाढ़ से प्रभावित हैं । मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने जोरहाट जिले के एक स्कूल में लगाए गए राहत शिविर का दौरा किया और लोगों से बात की । एएसडीएमए ने बताया कि 3376 गांव पानी में डूबे हुए हैं और 1,27,647.25 हेक्टेयर कृषि जमीन पर खड़ी फसल बर्बाद हो गयी। 

Desk Team