प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजग उम्मीदवारों के पक्ष में 30 मार्च को पुडुचेरी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा की पुडुचेरी इकाई के एक प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि चुनावी रैली यहां पुडुचेरी-मुदलियारपेट मार्ग पर स्थित एएफटी मिल में होगी। पुडुचेरी में 6 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा। यह दूसरी बार है जब मोदी पुडुचेरी विधानसभा चुनाव से पहले यहां का दौरा करेंगे।
मोदी ने 25 फरवरी को एक जनसभा को संबोधित किया था। मोदी ने उस रैली से पहले उस दिन एक अलग स्थान पर केंद्र द्वारा प्रायोजित कई विकास परियोजनाओं का अनावरण किया था। राजग का नेतृत्व कर रहे एआईएनआरसी ने कुल 30 सीटों में से 16 पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं, जबकि भाजपा ने नौ सीटों पर और अन्नाद्रमुक ने शेष पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
राजग की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की अभी तक कोई घोषणा नहीं की गई है। प्रमुख उम्मीदवारों में एआईएनआरसी के संस्थापक नेता एन रंगासामी, पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री ए नमशिवायम और भाजपा की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष वी. समिनाथन शामिल हैं। एआईएनआरसी ने दो महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है जबकि अन्नाद्रमुक और भाजपा ने किसी भी महिला उम्मीदवार को चुनाव में नहीं उतारा है।


Download Android App
Download iOS App



