अटल जी की अस्थियां हरिद्वार में होंगी विसर्जित

Summary :

अटल जी की अस्थियों को हरिद्वार हरकी पैड़ी पर विसर्जित किया जाएगा। 19 अगस्त को सरकार और संगठन के तमाम बड़े नेता उनकी अस्थियां लेकर हरिद्वार पहुंचेंगे।

देहरादून : भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अंत्येष्टि के बाद उनकी अस्थियों को हरिद्वार हरकी पैड़ी पर विसर्जित किया जाएगा। 19 अगस्त को सरकार और संगठन के तमाम बड़े नेता उनकी अस्थियां लेकर हरिद्वार पहुंचेंगे। जानकारी के मुताबिक, कुछ बड़े नेता 18 की रात को ही हरिद्वार पहुंच जाएंगे। केंद्रीय संगठन की ओर से इस बारे में राज्य सरकार को अवगत करा दिया गया है। शासन स्तर से भी हरिद्वार के जिलाधिकारी, एसएसपी और गंगा सभा को इस बारे में अवगत करा दिया गया है। अटल जी की अस्थियां हरकी पैड़ी पर विसर्जित की जाएंगी। जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

बीजेपी प्रदेश संगठन महामंत्री नरेश बंसल ने जानकारी दी है कि इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, संगठन मंत्री शिव प्रकाश, महामंत्री संगठन संजय कुमार व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ सूबे के तमाम मंत्री और बड़े नेता मौजूद रहेंगे। अटल बिहारी वाजपेयी के परिवार के तीर्थ पुरोहित पंडित अखिलेश शर्मा शास्त्री ने इसकी पुष्टि की है।

अटल जी की 5 ऐसी खूबियाँ जिनकी वजह से वो हमेशा राजनीति के पटल पर अमर रहेंगे

बता दें कि पंडित अखिलेश शर्मा शास्त्री ही प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के परिवार के समस्त कर्मकांड हरिद्वार में कराते आए हैं, उन्होंने बताया कि उनका दिल्ली जाने का कार्यक्रम था, लेकिन 19 तारीख की तैयारी के चलते वह नहीं गए। इतना ही नहीं शासन को दिल्ली में हुई भीड़ को देखकर यहीं लग रहा है कि हरिद्वार में अटल जी के अस्थी विसर्जन पर हजारों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो सकती है। लिहाजा हरिद्वार में आज से ही व्यवस्था बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Desk Team