तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने बृहस्पतिवार को भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा के काफिले पर हुए हमले को लोगों के गुस्से का नतीजा करार दिया और कहा कि भगवा दल मुसीबत के समय लोगों के साथ खड़ा नजर नहीं आया। नड्डा के काफिले पर तृणमूल कांग्रेस के कथित कार्यकर्ताओं ने आज उस समय हमला किया जब वह भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने डायमंड हार्बर जा रहे थे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर निर्वाचन क्षेत्र का ही प्रतिनिधित्व करते हैं।
तृणमूल कांग्रेस की युवा इकाई के प्रमुख ने आज हुगली जिले के आरामबाग में एक रैली में कहा, ‘‘डायमंड हार्बर में आज नड्डा परेशानी में थे। मैं इसमें क्या कर सकता हूं? लोगों के गुस्से का फूटना मेरी जिम्मेदारी नहीं है। लॉकडाउन, जीएसटी और नोटबंदी में लोगों को कठिनाइयों के बावजूद भाजपा उनके साथ खड़ी नजर नहीं आई।’’ उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य में बड़े बहुमत के साथ वापसी करेगी।
अभिषेक ने दावा किया कि पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जीवनशैली में बदलाव आ गया है, लेकिन राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जीवनशैली में बदलाव नहीं आया है। नड्डा के इस दावे पर कि भाजपा राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में 200 से अधिक सीट जीतेगी, अभिषेक ने कहा कि ऐसा नहीं हो पाएगा।


Download Android App
Download iOS App



