बांग्ला अभिनेत्री आर्या बनर्जी की मौत के मामले में पुलिस ने किसी भी तरह की साजिश से इंकार किया है। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विख्यात सितार वादक निखिल बंद्योपाध्याय की बेटी आर्या शुक्रवार को रहस्यमयी परिस्थिति में अपने आवास पर मृत पाई गईं थीं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके बड़ी मात्रा में शराब पीने का खुलासा हुआ है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने उनकी हत्या की किसी भी तरह की आशंका को खारिज कर दिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऐसा हो सकता है कि शुक्रवार सुबह अभिनेत्री को दिल का दौरा पड़ा हो और उसके बाद वह मदद मांगने के लिए उठी हों लेकिन गिर गई हों। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम जांच में भी यह बताया गया कि उनके शरीर के निकट मिला खून प्राथमिक तौर पर उनके गिरने की वजह से बहा हो सकता है। पुलिस ने बताया कि उनके पेट में करीब 2 लीटर अल्कोहल मिला। वह चेहरे के बल गिरीं, जिससे उन्हें चोट लगी और उनके शरीर से खून बहा। पुलिस को उनके घर से शराब की कई बोतलें और खून के धब्बों वाले टिश्यू पेपर मिले। जांच रिपोर्ट में बताया गया कि 33 वर्षीय अभिनेत्री बीमार चल रही थीं और हृदय संबंधी समस्याओं समेत कई बीमारियों से ग्रसित थीं।
शुक्रवार को उनकी घरेलू सहायिका ने सुबह जब घंटी बजायी, तो उसे कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उसे संदेह हुआ और उसने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस अधिकारियों ने तीसरी मंजिल पर स्थित अपार्टमेंट का दरवाजा तोड़ा तो अभिनेत्री को शयन कक्ष में मृत अवस्था में पड़ा हुआ पाया। घरेलू सहायिका ने कहा कि बनर्जी अकेली रहती थीं और किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं रखती थीं।


Download Android App
Download iOS App



