छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की जिस दौरान उन्होंने राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।राज्य सरकार के सूचना विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के साथ ही ‘मिलेट मिशन’ की जानकारी भी उन्हें दी। बघेल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ में चल रहे मिलेट मिशन की सराहना करते हुए रायपुर में मिलेट कैफ़े खोलने की मंशा जाहिर की है।’’
मुख्यमंत्री ने बताया, ‘‘छत्तीसगढ़ में मिलेट का उत्पादन बड़ी मात्रा में होता है। राज्य में कोदो कुटकी का समर्थन मूल्य 3000 रुपये क्विंटल घोषित किया है। मैंने प्रधानमंत्री को जानकारी दी कि देश के पहले मिलेट बैंक की शुरूआत छत्तीसगढ़ में की गई है। जहां 22 प्रकार के मिलेट का उत्पादन होता है।’’बघेल ने प्रधानमंत्री से छत्तीसगढ़ को आवश्यकता अनुसार कोयला उपलब्ध करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ में कोयला आधारित उद्योग काफी हैं, लेकिन कई महीनों से आवश्यकता अनुसार कोयले की उपलब्धता नहीं हो पा रही है, जिससे उत्पादन पर असर पड़ा है।’’
मुख्यमंत्री ने जीएसटी में राज्य का अंश देने, कोयला रॉयलटी पर उच्चतम न्यायालय के फैसले, कोल परिवहन निर्बाध रूप से संचालित करने सहित विभिन्न मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चर्चा की। बघेल ने प्रधानमंत्री से ऐसे समय मुलाकात की है जब छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के अधिकारियों-कर्मचारियों के एनपीएस की राशि वापस करने के केंद्र सरकार की मनाही के बाद भी पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने का फैसला किया है।


Download Android App
Download iOS App



