गुजरात के सूरत और वडोदरा जिलों में मृत कौओं के नमूनों की जांच में उनके एवियन इंफ्लुएंजा से संक्रमित पाए जाने के बाद दोनों जिलों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पशुधन विभाग, सूरत की उप निदेशक नीलम दवे ने कहा कि 6 जनवरी को सूरत के बरदोली तालुका में दो जगहों से चार कौओं के नमूने लेकर उन्हें भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजा गया था।
अधिकारी ने कहा, ”उनके बर्ड फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।” वडोदरा पशुधन विभाग के उप निदेशक प्रकाश दारजी ने कहा कि इसके अलावा वडोदरा के सालवी तालुका के वसंतपुरा गांव से पांच कौओं के नमूने एकत्रित किये गए थे, जिनमें से तीन कौओं के बर्ड फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वसंतपुरा गांव में 6 जनवरी को 25 कौए मृत मिले थे।
उन्होंने कहा कि रविवार को वडोदरा के करजन तालुका के किआ गांव में 57 कबूतर मृत मिले और उनके नमूनों को जांच के लिये भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया। अधिकारी ने कहा कि इन दोनों जिलों में विशेष रूप से उस जगह के 10 किलोमीटर के दायरे में सर्वे किये जा रहे हैं जहां पक्षी मृत मिले हैं। गुजरात में एवियन इंफ्लुएंजा का पहला मामला 8 जनवरी को सामने आया था जब जूनागढ जिले में दो पक्षियों के नमूनों की जांच में उनके बर्ड फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।


Download Android App
Download iOS App



