तमिलनाडु के मंत्री पर ED की छापेमारी पर बोले CM केजरीवाल ‘राजनीतिक बदले की भावना से अंधी बीजेपी हमारे लोकतंत्र को अपूरणीय क्षति पहुंचा रही है’

Summary :

तमिलनाडु के बिजली मंत्री सेंथिल बालाजी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने केंद्र की बीजेपी की सरकार पर निशाना साधा।

तमिलनाडु के बिजली मंत्री सेंथिल बालाजी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने केंद्र की बीजेपी की सरकार पर निशाना साधा। सीएम केजरीवाल ने आरोप लगाया कि विपक्ष को परेशान करने और डराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का बीजेपी द्वारा दुरुपयोग बिना किसी रोक टोक के जारी है। 
सीएम केजरीवाल ने ट्वीट किया, “विपक्ष को परेशान करने और डराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का बीजेपी द्वारा दुरुपयोग बेरोकटोक जारी है। बिजली मंत्री वी सेंथिल बालाजी के खिलाफ ईडी के छापे की कड़ी निंदा करता हूं। राजनीतिक बदले की भावना से अंधी बीजेपी हमारे लोकतंत्र को अपूरणीय क्षति पहुंचा रही है.”

ईडी ने धनशोधन के एक मामले की जांच के तहत मंगलवार को तमिलनाडु के बिजली मंत्री वी सेंथिल बालाजी और कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यहां और इरोड के अलावा बालाजी के गृह जिले  करूर में भी तलाशी ली गई। ईडी के अधिकारियों ने कहा कि यहां सचिवालय में बालाजी के कार्यालय के कमरे में भी तलाशी ली गयी। 
दरसअल, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने ईडी के छापे को लेकर केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा और कहा कि वह अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को ‘‘पिछले दरवाजे से डराने-धमकाने’’ में लिप्त है। स्टालिन ने एक बयान में कहा, ‘‘बीजेपी जिन लोगों का राजनीतिक रूप से सामना नहीं कर सकती, उन्हें पिछले दरवाजे से डराने-धमकाने की उसकी राजनीति सफल नहीं होगी। वह समय नजदीक आ रहा है, जब वे खुद ही इसे महसूस करेंगे.”

Desk Team