हिमाचल की सियासत का बढ़ा पारा? CM जयराम ठाकुर को BJP आलाकमान ने दिल्ली किया तलब

Summary :

चार राज्यों के पांच मुख्यमंत्री बदलने जाने के बीच जयराम ठाकुर को दिल्ली बुलाने पर हिमाचल की सियासत गरमा गई है। वहीं कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला करते हुए तंज भरे लहजे में कहा कि जयराम ठाकुर अपनी कुर्सी बचा लें।

बीजेपी आलाकमान ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को आज दिल्ली तलब किया है। चार राज्यों के पांच मुख्यमंत्री बदलने जाने के बीच जयराम ठाकुर को दिल्ली बुलाने पर हिमाचल की सियासत गरमा गई है। वहीं कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला करते हुए तंज भरे लहजे में कहा कि जयराम ठाकुर अपनी कुर्सी बचा लें। 
बीजेपी आलाकमान द्वारा बुलाए जाने से पहले ही मुख्यमंत्री जयराम बुधवार को नई दिल्ली गए थे। उनकी बुधवार देर रात को भी बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से बात हुई थी। गुरुवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भी हिमाचल आने का न्योता देने और केंद्रीय मंत्रियों से मिलने के बाद वह उज्जैन चले गए थे। रविवार को ही नई दिल्ली से शिमला पहुंचे थे कि उन्हें फिर से हाईकमान का बुलावा आ गया। 
जयराम ठाकुर अपनी कुर्सी बचा लो : कांग्रेस 
जयराम ठाकुर को दिल्ली बुलाए जाने पर कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया में पढ़ा है कि पांच नहीं छह मुख्यमंत्री बदलने हैं। इसलिए जयराम ठाकुर अपनी कुर्सी बचा लो। उन्होंने बीजेपी के प्रति लोगों में भारी गुस्सा है। कृषि कानूनों को लेकर हरियाणा में जिस तरह बीजेपी रैली नहीं कर सकती, उसी तरह बागवानों के खिलाफ मंत्री की ओर से दिए गए बयान के बाद भाजपा शिमला में भी रैली नहीं कर सकती है।
उन्होंने कहा कि यह थप्पड़ वाली सरकार है, न जाने किसे कब थप्पड़ पड़ जाए। मुकेश ने कहा कि मुख्यमंत्री चहेतों को बैक डोर नौकरी दे रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार ने हिमाचल प्रदेश बनाया और वीरभद्र सिंह ने संवारा है। बीजेपी का इसमें कोई योगदान नहीं है। कहा कि कोरोना में सरकार के बदइंतजामी से 3500 लोगों ने आत्महत्या की। बीजेपी के सांसद ने भी आत्महत्या की, जिसकी जांच नहीं हो रही है। अब बीजेपी हार के डर से उपचुनाव से भाग गई है। 
6 महीने में बदले गए 4 राज्यों के पांच CM 
गौरतलब है कि बीजेपी शासित चार राज्यों के पिछले 6 महीने के अंदर पांच मुख्यमंत्री बदले जा चुके हैं। असम में चुनाव नतीजों के साथ ही नेतृत्व परिवर्तन हुआ था। वहां सर्बानंद सोनोवाल की जगह हेमंत बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। इसके बाद फिर उत्तराखंड में दो सीएम बदले गए, पहले त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाकर तीरथ सिंह रावत को सत्ता की कमान सौंपी गई और तीन महीने के बाद उनकी जगह पुष्कर धामी को सीएम बनाया गया है। 
कर्नाटक से बीएस येदियुरप्पा की विदाई हुई और उनकी जगह बीएस बोम्मई को मुख्यमंत्री की कमान सौंपी गई है। वहीं हाल ही में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने अपने पद से इस्तीफा दिया था। जिसके बाद राज्य की सत्ता की कमान भूपेंद्र पटेल को सौंपी गई है। गुजरात में आगामी वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव होने है। 

Desk Team