तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का दामन छोड़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हुए नेता शुभेंदु अधिकारी की होम टाउन पूर्वी मिदनापुर जिले के कोंताई में आज उनकी रैली होने जा रही है। बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली में 19 दिसंबर को भाजपा में शामिल होने के बाद पूर्वी मिदनापुर में शुभेंदु अधिकारी की यह पहली रैली होगी। इस दौरान राज्य में भाजपा के युवा विंग के अध्यक्ष सौमित्र खान भी अधिकारी की रैली में मौजूद रहेंगे, जिन्होंने हाल ही में टीएमसी में जाने के बाद अपनी पत्नी सुजाता मंडल खान के खिलाफ तलाक का मुकदमा दायर किया है।
बताते चलें कि इससे पहले शुभेंदु अधिकारी ने भारतीय जनता पार्टी के नेता के तौर पर अपनी पहली रैली मंगलवार को बर्दवान में की थी। गौरतलब है कि पूर्वी मिदनापुर जिला तृणमूल कांग्रेस का गढ़ माना जाता है, पार्टी से भी अधिक शुभेंदु अधिकारी के परिवार का। अब जब शुभेंदु अधिकारी ने पाला बदल लिया है तो टीएमसी और बीजेपी दोनों ही जिले में अपनी ताकत दिखाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। बुधवार को ही टीएमसी की रैली में अधिकारी के परिवार से कोई शामिल नहीं हुआ। कल कोंताई में टीएमसी नेताओं ने रैली को संबोधित किया तो आज यानी गुरुवार को शुभेंदु अधिकारी एक काउंटर रैली करने वाले हैं।
उम्मीद जताई जा रही है कि टीएमसी अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 7 जनवरी 2021 को इसी जिले के नंदीग्राम में एक और रैली को संबोधित करने वाली हैं। शुभेंदु अधिकारी को न सिर्फ ममता बनर्जी का खास माना जाता था, बल्कि वह टीएमसी के खास रणनीतिकारों में से एक थे। अधिकारी और उनके परिवार ने पूर्वी मिदनापुर में टीएमसी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अधिकारी का परिवार राजनीतिक रूप से काफी मजबूत है और इस जिले में आने वाली ज्यादातर विधानसभा सीटों पर अपनी मजबूत पकड़ रखते हैं।


Download Android App
Download iOS App



