उत्तराखंड के खानपुर विधानसभा से बीजेपी विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इससे पहले पार्टी ने उन्हें एक नोटिस जारी किया था। कुछ दिनों पहले जाम झलकाते और पिस्टल लहराते हुए विधायक चैंपियन का वीडियो वायरल हुआ था।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने गुरुवार देर शाम हरिद्वार में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए बताया कि विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को बीजेपी से निष्कासित कर दिया गया है। इस संदर्भ में बुधवार को केंद्रीय नेतृत्व को उनके निष्कासन की सिफारिश की गई थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी ने इस मामले में विधायक से उनको पार्टी से निष्कासित क्यों न किया जाए। इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 10 दिनों के अंदर इसका जवाब मांगा था। पार्टी एवं संगठन उक्त प्रकरण को अति गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई हेतु संकल्पित है।
गौरतलब है की विधायक का बीते दिनों एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वह 4-4 पिस्टल लहराते हुए फिल्मी गानों पर डांस कर रहे थे। डांस करते हुए विधायक चैंपियन शराब पी रहे थे। वीडियो में आपत्तिजनक व अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया जा रहा था।
वीडियो सामने आते ही विधायक ने अपनी सफाई देते हुए कहा, यह वीडियो उनके किसी पारिवारिक समारोह का है। उनकी दादी खुद उत्तराखंड के लैंसडौन की हैं। इस राज्य के प्रति उनका पूरा कृतज्ञ है। उन्होंने दावा किया कि यह वीडियो एडिट किया हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



