झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन अपने एक बयान के चलते भारी विवाद में फंस गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवा कपड़े पहनने वाले लोग महिलाओं की इज्जत लूटते हैं। इस शिकायत पर कड़ी आपत्ति जताते हुए बीजेपी ने चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने बुधवार को पाकुड़ विधानसभा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, “उत्तर प्रदेश में एक बलात्कारी अस्पताल में आराम कर रहा है, जबकि पीड़िता जेल में है।” सोरेन ने कहा, “इन दिनों महिलाएं जलाईं जा रही हैं। मुझे खबर मिली है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी (आदित्यनाथ) जी यहां (संथाल परगना) घूम रहे हैं।”
पाकुड़ में एक रैली के दौरान सोरेन द्वारा दिए गए भाषण को टीवी पर दिखाया जा रहा है और बीजेपी ने उनके भाषण की रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में चुनाव आयोग को सौंपी है। इस भाषण में सोरेन कह रहे हैं, “ये वो लोग हैं, बीजेपी के लोग, जो शादी कम करते हैं, लेकिन गेरुआ वस्त्र पहन कर बहू-बेटियों की इज्जत लूटने का काम करते हैं।”
सोरेन ने लोगों ने कहा, “क्या आप ऐसे लोगों को वोट देना चाहते हैं।” उन्होंने 20 दिसंबर को विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में जेएमम, कांग्रेस और राजद गठबंधन को वोट देने की अपील की। सोरेन के भाषण के बाद बीजेपी ने रांची में चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई और हिंदू धर्म के खिलाफ घृणा से भरी हुई टिप्पणी करने के लिए जेएमएम नेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।


Download Android App
Download iOS App



