board exam 2021: कोरोना संकट के मद्देनजर छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं की परीक्षा स्थगित

Summary :

छत्तीसगढ़ बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने 09 अप्रैल को राज्‍य में कोविड-19 मामलों की रफ्तार को देखते हुए 10वीं बोर्ड परीक्षा को स्थगित कर दिया है। परीक्षा को स्थगित करने की घोषणा छत्‍तीसगढ़ चीफ मिनिस्‍टर ऑफिस के ट्विटर हैंडल से की गई है।

छत्तीसगढ़ बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CGBSE) ने शुक्रवार 09 अप्रैल को राज्‍य में कोविड-19 मामलों की रफ्तार को देखते हुए 10वीं बोर्ड परीक्षा को स्थगित कर दिया है। छत्‍तीसगढ़ बोर्ड हाईस्‍कूल की परीक्षाएं 15 अप्रैल से 01 मई तक आयोजित होने वाली थीं। इससे पहले, छत्तीसगढ़ सरकार ने घोषणा की थी कि कक्षा 10 और 12 को छोडकर अन्‍य सभी कक्षाओं के छात्रों को बगैर एग्‍जाम के अगली क्‍लास में प्रमोट किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ बोर्ड की दसवीं की परीक्षा को स्थगित करने की घोषणा छत्‍तीसगढ़ चीफ मिनिस्‍टर ऑफिस के ट्विटर हैंडल से की गई है। जिसमें लिखा गया है कि छत्तीसगढ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा राज्य में कोरोना के बढ़ते संक्रमण तथा कई जिलों में लॉकडाउन की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कक्षा 10वीं की दिनांक 15 अप्रैल 2021 से प्रारंभ होने वाली बोर्ड परीक्षा स्थगित कर दी गई है। सीएम भूपेश बघेल ने भी ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। 
जारी आदेश के अनुसार सभी स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे और कक्षा 10 वीं और 12 वीं को छोड़कर सभी छात्रों को परीक्षा आयोजित किए बिना अगली कक्षा में प्रमोट किया जाएगा।  विभाग द्वारा अभी परीक्षा की नई डेट्स की घोषणा भी नहीं की गई है। इसके अलावा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के संबंध में भी कोई जानकारी जारी नहीं की गई है। 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 03 मई से 24 मई तक आयोजित की जानी हैं।   

Desk Team