पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना स्थित भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के आवास पर बदमाशों द्वारा बम फेंकने की घटना के एक हफ्ते से भी कम समय बाद मंगलवार सुबह उनके घर के बाहर इसी तरह के विस्फोट होने की जानकारी मिली है। भाजपा नेता सिंह ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सदस्य उनकी जान लेने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि सुबह करीब 9.10 बजे, सिंह के भाटपाड़ा आवास से करीब 200 मीटर की दूरी पर खाली पड़ी जमीन पर बम विस्फोट हुए। उन्होंने कहा, ‘‘हम मामले की जांच कर रहे हैं। हमारे अधिकारी वहां हैं।’’ राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने 8 सितंबर की घटना की जांच सोमवार को अपने हाथ में ली थी जिसमें भाजपा सांसद के आवास का गेट आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था।
सिंह ने आरोप लगाया कि इस हमले की योजना तृणमूल कांग्रेस द्वारा उन्हें, उनके परिवार के सदस्यों और उनके करीबी लोगों को मारने के लिए बनाई गई थी। सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘यह एक सुनियोजित हमले के अलावा और कुछ नहीं है। इसके पीछे तृणमूल कांग्रेस है… वे मुझे और मेरे लोगों को मारने की कोशिश कर रहे हैं। यह बंगाल में गुंडाराज है।’’
टीएमसी के उत्तर 24 परगना के अध्यक्ष पार्थ भौमिक ने आरोपों को खारिज किया और कहा कि भाजपा सांसद अपने घर के बाहर विस्फोटों के लिए किसी न किसी तरह से जिम्मेदार हैं। टीएमसी ने इन आरोपों को खारिज किया है और उल्टे बीजेपी सांसद पर ही हमला बोला है। तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि बीजेपी सांसद ने खुद अपने घर पर हमला कराया है ताकि राजनीतिक तौर पर चर्चा में बने रह सकें।


Download Android App
Download iOS App



