नूंह में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर, हिंसा मामले में कुल 102 FIR और 202 गिरफ्तारियां

Summary :

नूंह हिंसा मामले में शुक्रवार तक 102 एफआइआर दर्ज कर 202 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। दो आरोपितों को और रिमांड पर लिया गया

नूंह हिंसा मामले में शुक्रवार तक 102 एफआइआर दर्ज कर 202 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। दो आरोपितों को और रिमांड पर लिया गया जिससे रिमांड पर चल रहे आरोपितों की संख्या 21 हो गई। पकड़े गए आरोपितों में सभी हिंसा में शामिल पाये गए लेकिन हिंसा के मास्टरमाइंड की पहचान कर अभी गिरफ्तारी करना शेष है।
 शांति व्यवस्था फिर से पटरी पर
मेवात के नूंह में 31 जुलाई को जलाभिषेक यात्रा के दौरान हुई हिंसा के बाद जिला में शांति व्यवस्था फिर से पटरी पर आने लगी है। चार दिनों में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। शुक्रवार को जुमे की नमाज मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रशासन की अपील पर घरों में ही पढ़ी। पूरे जिला में ईदगाह- मस्जिदों के बाहर अर्धसैनिक बल के जवान पुलिस अफसरों के साथ तैनात नजर आए। इस मामले में अब तक कुल 202 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 102 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इंटरनेट सेवा बंद रही वहीं दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक तीन घंटे के लिए छूट दी गई, लेकिन बाजारों में सन्नाटा छाया हुआ था। गिनीचुनी दुकान ही खोली गई।  
नल्हड़ मेडिकल कॉलेज के आसपास के क्षेत्र में चल रहा बुलडोजर 
नूंह में हुई हिंसा के बाद दूसरे दिन भी अवैध निर्माण पर प्रशासन का बुलडोजर चल रहा है। नल्हड़ मेडिकल कॉलेज के आसपास के क्षेत्र में बुलडोजर चलाया जा रहा है। जिन दुकानों पर बुलडोजर चला है वह अवैध रूप से बनीं थीं। यहां मुस्लिम समुदाय की अधिक दुकानें हैं। दिन भर अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है।
 

Desk Team