केरल पुलिस ने जिले के अरनमुला में धोखाधड़ी के एक मामले में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मिजोरम के पूर्व राज्यपाल के. राजशेखरन के अलावा आठ अन्य लोगों पर बृहस्पतिवार को मामला दर्ज किया।
अरनमुला निवासी एक व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में एक मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता का नाम हरिकृष्णन है। पुलिस ने कहा कि राजशेखरन इस मामले में चौथे आरोपी हैं।
अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए राजशेखरन ने कहा कि उन्हें ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ इस मामले में गलत तरीके से फंसाया जा रहा है।
पुलिस ने कहा कि मामले में सभी नौ लोग आरोपी के रूप में नामजद हैं।
राजशेखरन के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि यह राजनीति से प्रेरित मामला नहीं है।
विजयन ने तिरुवनंतपुरम में मीडिया से कहा, ‘‘… हमारे राज्य में हम राजनीतिक दल देखकर किसी के ऊपर मामला दर्ज नहीं करते। जब आरोप लगते हैं, शिकायत दर्ज होती है तब मामला दर्ज होता है। यह इसलिए नहीं किया जाता कि व्यक्ति अमुक पार्टी से संबंध रखता है।’’


Download Android App
Download iOS App



