नारदा घोटाले में वरिष्ठ आईपीएस एस एम एच मिर्जा से CBI ने की पूछताछ

Summary :

सूत्रों के मुताबिक एस एम एच मिर्जा सादे वस्त्र में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सीबीआई अधिकारियों के समक्ष पेश हुए तथा उनसे अभी पूछताछ जारी है।

पश्चिम बंगाल में नारदा घोटाले के स्टिंग ऑपरेशन के सिलसिले में भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एस एम एच मिर्जा से गुरुवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो ने यहां स्थित अपने कार्यालय में पूछताछ शुरू की। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक एस एम एच मिर्जा को एक दिन पहले ही पेश होने के लिए समन जारी किया था। 
नारदा स्टिंग ऑपरेशन के तहत सामने आये फुटेज में कई राजनेता तथा एक आईपीएस अधिकारी नोटों का बंडल लेते दिखाई दे रहे हैं। इसी मामले में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में  मिर्जा से यहां निजाम पैलेस स्थित सीबीआई कार्यालय में पूछताछ की जा रही है। 
सूत्रों के मुताबिक एस एम एच मिर्जा सादे वस्त्र में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सीबीआई अधिकारियों के समक्ष पेश हुए तथा उनसे अभी पूछताछ जारी है। वह अपने एक सहायक के साथ सीबीआई कार्यालय पहुंचे थे जिसके पास एक बैग भी था। सीबीआई सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत नारदा स्टिंग ऑपरेशन घोटाले की जांच कर रही है। 
शारदा चिट फंड घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने नारदा स्टिंग ऑपरेशन की जांच भी तेज कर दी है। नारदा घोटाले में राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों समेत 12 राजनेताओं तथा एक आईपीएस अधिकारी के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया है। 
पत्रकार मैथ्यू सैमुअल की ओर से किये गये नारदा स्टिंग ऑपरेशन में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ राजनेताओं तथा शीर्ष अधिकारियों को निशाना बनाया गया है। इस ऑपरेशन में एक कंपनी को गैर आधिकारिक तौर पर मदद करने के लिए आरोपी राजनेताओं तथा आईपीएस अधिकारी को रिश्वत लेते हुए दिखाया गया है।

Desk Team