सीबीआई ने ड्रग्स-ऑन-क्रूज मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के परिवार से कथित रूप से 25 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में एनसीबी के तत्कालीन मुंबई जोनल प्रमुख समीर वानखेड़े और चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।. सीबीआई ने यह जानकारी दी है।
इनमें एनसीबी के तत्कालीन अधीक्षक विश्व विजय सिंह, तत्कालीन खुफिया अधिकारी आशीष रंजन, दो आम नागरिक केपी गोसावी और सनबाइल डिसूजा और अज्ञात अन्य शामिल हैं।
सीबीआई अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि खान के परिवार ने उन्हें ड्रग मामले में बचाने के लिए 50 लाख रुपये का भुगतान भी किया था। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वह वानखेड़े को जांच में शामिल होने और अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाएंगे।
सीबीआई ने कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सतर्कता विभाग की शिकायत के बाद भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम और आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत तत्काल मामला दर्ज किया गया।
सीबीआई अधिकारी ने बताया कि एनसीबी (मुंबई जोन) के अधिकारियों ने एक ड्रग मामले में कुछ लोगों से अनुचित लाभ प्राप्त करने के लिए आपराधिक साजिश में प्रवेश किया और कथित आरोपी से कथित रूप से रिश्वत के रूप में अनुचित लाभ प्राप्त किया।
अक्टूबर 2021 के दौरान NCB के मुंबई ज़ोन में कॉर्डेलिया क्रूज़ पर विभिन्न व्यक्तियों द्वारा ड्रग्स के सेवन और कब्जे के बारे में एक सूचना प्राप्त हुई थी। जब NCB के अधिकारियों ने कॉर्डेलिया क्रूज़ पर छापा मारा तो क्रूज पर आर्यन खान भी सवार थे।
एनसीबी के अधिकारियों ने वानखेड़े के कथित आदेशों के अनुसार ड्रग्स रखने के अपराध की धमकी देकर आर्यन खान के परिवार के सदस्यों से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये वसूलने की साजिश रची।
सीबीआई अधिकारी ने बताया कि इस साजिश को आगे बढ़ाने के लिए उक्त व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से रिश्वत के रूप में 50 लाख रुपये की सांकेतिक राशि प्राप्त की गई थी।
अधिकारी ने कहा कि मुंबई, दिल्ली, रांची, लखनऊ, चेन्नई और गुवाहाटी में 29 स्थानों पर तलाशी ली जा रही है। तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज, नकदी बरामद की गई है। मुंबई में अंधेरी और वानखेड़े के अन्य परिसरों पर छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



