मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने केंद्र सरकार के बजट पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह बजट जुमला और छलावा साबित होगा। केंद्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल द्वारा शुक्रवार को संसद में पेश किए गए बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में कमलनाथ ने कहा, ‘आज पेश आम बजट पूरी तरह से चुनावी बजट होकर जुमला व छलावा साबित होगा। मोदी सरकार के इस आखिरी बजट से भी अच्छे दिन की उम्मीद खत्म हो गई।’
कमलनाथ ने आगे कहा, ‘कार्यकाल के अंतिम समय में किसान, गरीब, मजदूर, गौमाता की याद आई। किसानों के लिए घोषित राशि ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ के समान है।’ ज्ञात हो कि केंद्र सरकार ने बजट में कम आय वालों और किसानों को बड़ी सौगात दी है।
आयकर की सीमा बढ़ाकर पांच लाख रुपये तक कर दी गई है, वहीं दो हेक्टेयर जमीन के मालिक किसानों को छह हजार रुपये वार्षिक मदद का प्रावधान किया गया है। सरकार यह मदद किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हर साल तीन किश्तों में देगी।


Download Android App
Download iOS App




