छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में धान के खेत में एक हाथी के बच्चे को कथित तौर पर मारने और अवशेष को दफनाने के आरोप में वन अधिकारियों ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग लड़के को भी पकड़ा है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
कटघोरा की संभागीय वनाधिकारी प्रेमलता यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपियों ने 18 अक्टूबर को पासन वन क्षेत्र के बनिया गांव में खेत में हाथी के बच्चे को देखा और अगले दिन कथित तौर पर उसे जहर देकर मार डाला। अपराध छिपाने के लिए आरोपियों ने अवशेष को खेत में दफना दिया।

उन्होंने बताया कि बाद में 44 हाथियों का एक झुंड उग्र हो गया और पास के देवमट्टी गांव में एक आदमी और तीन मवेशियों को मार डाला।यादव बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, वनकर्मियों ने 20 अक्टूबर को बनिया गांव के खेत से हाथी का अवशेष बाहर निकाला, जिसके बाद इस मामले में हत्या के पहलू से जांच शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि वन कर्मियों ने पाया कि हत्या को छिपाने के लिए जिस जमीन पर अवशेष दफनाया गया था, उस पर नये सिरे से धान लगाया गया था।

यादव ने बताया कि उक्त घटना के सिलसिले में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया।उन्होंने बताया कि इस संबंध में अब तक जिस खेत में पशु का अवशेष दफनाया गया था, उसके मालिक सहित 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और गांव से एक 16 वर्षीय लड़के को भी पकड़ा गया है।
अधिकारी ने यह भी कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध में अपने शामिल होने की बात पुलिस के समक्ष कुबूल की है।उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, जो पासन जनपद पंचायत का सदस्य है।


Download Android App
Download iOS App



