छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राज्य के चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस पुलिस एकेडमी में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षकों के दीक्षांत समारोह को सम्बोधित किया। सीएम ने सम्बोधित करते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ पुलिस हर तरह की चुनौती से निपटने में सक्षम है और उनकी सरकार राज्य के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित हो रहे राज्य के रूप में अपनी पहचान बनाता जा रहा है। राज्य में जितनी संभावनाएं हैं, उतनी चुनौतियां भी हैं। राज्य के अनेक क्षेत्रों में विकास और सुरक्षा के इंतजामों में तालमेल बिठाना भी एक चुनौती रही है, लेकिन हमारी सरकार ने सदैव ऐसी चुनौतियों को स्वीकार किया है।
तीन वर्षों में हमें लगातार सफलता मिली है : बघेल
सीएम बघेल ने कहा कि हम राज्य के प्रत्येक नागरिक को एक ऐसा सुरक्षित वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसमें वह भयमुक्त होकर अपना जीवन-यापन कर सके। उनके भीतर एक आत्मविश्वास पैदा हो और वे समाज विरोधी हर गतिविधि का खुलकर प्रतिकार कर सके। उन्होने कहा कि, पिछले तीन वर्षों के दौरान हमें इस दिशा में भी लगातार सफलता मिली है।उनका मानना है कि हमारा पुलिस तंत्र हर तरह की चुनौती से निपटने के लिए पूर्णत: सक्षम हैं। बघेल ने प्रशिक्ष अधिकारियों को ये संदेश दिया कि वो भी इस तंत्र में भागीदारी और आने वाली जिम्मेदारी के लिए स्वयं को तैयार कर चुके हैं। उन्होंने कहा, आपका आत्मविश्वास, आपकी कार्यप्रणाली, आपका शौर्य, आपका साहस, आपकी निष्ठा और समर्पण, राज्य की जनता को वह सब कुछ देगा जिसकी वह आपसे अपेक्षा करती है, आप जवान हैं, ऊर्जावान हैं,आप में नया करने की इच्छाशक्ति है।
राज्य के कई नेता रहें मौजूद
बघेल ने इस मौके पर दीक्षांत परेड की सलामी ली और सलामी के बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और प्रशिक्षार्थियों को शपथ ग्रहण कराया। दीक्षांत परेड समारोह में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय विकास मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया और छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक अशोक जुनेजा भी शामिल हुए। परेड के मार्च पास्ट के बाद महानिदेशक पुलिस अकादमी डी एम अवस्थी ने स्वागत भाषण दिया और प्रतिवेदन का वाचन किया।


Download Android App
Download iOS App



