छत्तीसगढ़ : नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर वाहन को उड़ाया, 1 की मौत, 11 घायल

Summary :

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर एक निजी वाहन को उड़ा दिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है तथा 11 अन्य घायल हो गए।

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने गुरुवार को बारूदी सुरंग में विस्फोट कर एक निजी वाहन को उड़ा दिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है तथा 11 अन्य घायल हो गए। दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया कि जिले के मालेवाही थाना क्षेत्र के अंतर्गत घोटिया गांव के करीब नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर बोलेरो वाहन को उड़ा दिया है। 
इस घटना में एक व्यक्ति धान सिंह की मृत्यु हो गई है तथा 11 अन्य घायल हुए हैं। पल्लव ने बताया कि गुरुवार को सुबह बोलेरो वाहन में सवार होकर कुछ लोग मध्य प्रदेश के बालाघाट से तेलंगाना जा रहे थे। सुबह करीब 7.30 बजे वाहन घोटिया गांव के पास पहुंचा, तब नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। 
इस घटना में वाहन को नुकसान पहुंचा और 12 लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों को घटनास्थल रवाना किया गया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान धान सिंह की मृत्यु हो गई। 
उन्होंने बताया कि घायलों में से पांच लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं छह अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पल्लव ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ ​अभियान जारी है।

Desk Team