जन्माष्टमी का उपवास रखने पर बच्चों की पिटाई, मामला सामने आने के बाद अध्यापक निलंबित

Summary :

कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अध्यापक ने बच्चों से पूछा कि किस-किस ने उपवास रखा है। जिसने भी हाथ उठाया, अध्यापक ने उन सभी की पिटाई कर दी।

छत्तीसगढ़ में जन्माष्टमी का उपवास रखने पर छात्रों की पिटाई कर दी गयी। प्रदेश के कोंडागांव जिले में सरकारी स्कूल के एक अध्यापक ने जन्माष्टमी का उपवास रखने पर छात्रों को पीटा। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने अध्यापक को निलंबित कर दिया। 
दरअसल, रायपुर से 200 किलोमीटर दक्षिण में कोंडागांव के गिरोला क्षेत्र में स्थित सरकारी स्कूल में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अध्यापक ने बच्चों से पूछा कि किस-किस ने उपवास रखा है। जिसने भी हाथ उठाया, अध्यापक ने उन सभी की पिटाई कर दी। इसके साथ ही अध्यापक ने भगवान को लेकर बच्चों से अभद्र बातें भी की। 
बच्चों ने खुद के साथ हुई इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी तो उन्होंने अगले दिन जमकर हंगामा किया। कई हिन्दू संगठन के लोग भी स्कूल पहुचे और शिक्षकों का विरोध करते हुए उन्हें निलंबन की मांग करने लगे। मामला जब बेकाबू हुआ तो प्रशासन ने जांच के बाद अध्यापक को निलंबित कर दिया।
मामले पर पुलिस ने कहा कि पंचायत और ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि अध्यापक मरकाम ने मंगलवार को स्कूल में सातवीं और आठवीं कक्षा के छात्रों के साथ मारपीट की। अध्यापक के निलंबन का आदेश जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को जारी किया गया। निलंबन आदेश में कहा गया है कि “धार्मिक भावनाओं को आहत करना और समाज में नफरत फैलाना” एक गंभीर कदाचार के रूप में गिना जाता है। आपका आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा अधिनियम 1965 के खिलाफ है।”

Desk Team