रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को राजधानी रायपुर के एक स्थानीय सिनेमा घर में बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म ‘छपाक’ देखी। बघेल ने अपने मंत्रिमंडल के कुछ सहयोगियों, पार्टी विधायकों और अन्य नेताओं के साथ श्याम सिनेमा घर में अपराह्र तीन बजे से शाम छह तक ‘छपाक’ फिल्म का शो देखा।
फिल्म देखने के बाद बघेल ने संवाददाताओं से बातचीत में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में दीपिका पादुकोण के जाने और फिल्म का बहिष्कार करने के सवाल पर कहा, ‘‘ वे हिटलर समर्थक लोग हैं जो किसी प्रकार के विरोध को सहन नहीं कर सकते हैं। समर्थन में खड़े हो जाने से इस अभिनेत्री को पाकिस्तानी, चीनी और पता नहीं क्या-क्या कहा जा रहा है। अगर कलाकार किसी के समर्थन में खड़ा हो जाए या किसी का साथ दे दे तो आप उसे बर्दाश्त नहीं कर सकते। उसे बदनाम कर देते हैं।’’
बघेल ने फिल्म में उठाए गए मुद्दे को लेकर कहा कि यह एक कलाकार का सवाल नहीं है, बल्कि यह समाज में घटित होने वाली घटनाओं से है। महत्वपूर्ण बात यह है कि ऐसी घटनाओं से समाज किस तरह का सबक सीखता है। उन्होंने दीपिका पादुकोण का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘ किसी ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई तो आप उन्हें बर्दाश्त नहीं कर सकते और उन्हें ट्रोल करते हैं। यह आपकी मानसिकता को दर्शाता है।’’ मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार अपने खिलाफ खड़े होने वालों को निशाना बनाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।
बघेल ने कहा, ‘‘भाजपा के शासनकाल को आप देख लीजिए क्या हुआ जिसने उनका विरोध किया, उनके खिलाफ सीबीआई, ईडी, आईटी सारे लोग लग जाते हैं। इस देश में यह लोग असहमति के लिए कोई स्थान नहीं रखते हैं। ये लोग इसके लिए किसी भी स्तर तक जा सकते हैं। दीपिका पादुकोण एक कलाकार है, वहां जाकर वह केवल खड़ी हुई है और कुछ बोली भी नहीं, उसमें भी उनका विरोध कर रहे हैं, उनकी आलोचना कर रहे हैं।’’ फिल्म को लेकर उन्होंने कहा कि फिल्म एक सच्ची घटना पर आधारित है और हर किसी को इसे देखना चाहिए। कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में मेघना गुलज़ार निर्देशित फिल्म ‘छपाक’ को कर मुक्त घोषित किया है।


Download Android App
Download iOS App



